टेक एंड गैजेट्स

Google Play Store में आने वाला है नया 'Today' फीचर, बदल जाएगा इस्तेमाल का अंदाज

Google Play Store के नए Today फीड में Spotify, YouTube, Google Maps और दूसरे ऐप्स का कंटेंट एक ही जगह दिखेगा। जानें कैसे काम करेगा यह फीचर।

Image

यूजर्स को मिलेगा फीड कस्टमाइज करने का विकल्प

Google अपने Play Store को पहले से ज्यादा उपयोगी बनाने के लिए एक नए फीचर पर काम कर रहा है। इसका नाम 'Today' फीड है। इस फीचर की मदद से यूजर्स को अलग-अलग ऐप्स का कंटेंट एक ही जगह देखने को मिलेगा। यानी Spotify पर आपकी पसंदीदा प्लेलिस्ट हो या Play Store पर गेम्स के सुझाव, इनके लिए अलग-अलग ऐप्स या कैटेगरी में जाने की जरूरत नहीं होगी। Google इस फीचर को Play Store के Collections सेक्शन में जोड़ने की तैयारी कर रहा है।

Play Store में कहां दिखेगा Today फीचर?

Android Authority की रिपोर्ट के मुताबिक, Google Play Store के लेटेस्ट वर्जन 54.4.11 की जांच के दौरान इस नए फीचर के संकेत मिले हैं। टेस्टिंग के दौरान इसे कुछ बदलाव करके एक्टिव भी किया गया। नया Today टैब Collections सेक्शन में App Library के ठीक बगल में दिखाई देता है। इसके बाद पहले की तरह बाकी कंटेंट कैटेगरी मौजूद रहती हैं।

फिलहाल Google Play Store में Collections फीचर अलग-अलग कैटेगरी में इंस्टॉल किए गए ऐप्स का कंटेंट दिखाता है। नए Today फीड के जरिए कंपनी इन सभी सुझावों को एक ही जगह लाने की तैयारी कर रही है।

Spotify की प्लेलिस्ट से लेकर गेम्स तक दिखेंगे

Today फीड की सबसे खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग ऐप्स से जुड़ा कंटेंट एक साथ दिखाई देगा। टेस्टिंग के दौरान इस फीड में Spotify की पसंदीदा प्लेलिस्ट और Play Store के गेम्स से जुड़े सुझाव देखने को मिले। इसका मतलब है कि यूजर्स को अपनी पसंद का कंटेंट देखने के लिए बार-बार अलग-अलग Collections में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक ही फीड में कई ऐप्स के सुझाव मिल सकेंगे।

यूजर्स को मिलेगा फीड कस्टमाइज करने का विकल्प

Google इस नए फीचर के साथ कस्टमाइजेशन की सुविधा भी दे सकता है। यूजर्स तय कर सकेंगे कि Today फीड में किन ऐप्स का कंटेंट दिखाई देना चाहिए। इस लिस्ट में Google Maps, Play Books, Play Store, Spotify, YouTube और YouTube Music जैसे ऐप्स शामिल हैं। इसके अलावा यूजर्स Today टैब की पोजिशन भी बदल सकेंगे। अगर किसी को यह फीचर पसंद नहीं आता है तो वह इसे Collections सेक्शन से पूरी तरह हटा भी सकता है।

अभी सभी यूजर्स के लिए नहीं आया फीचर

फिलहाल Google का Today फीड टेस्टिंग के स्तर पर है। इसे Play Store के लेटेस्ट वर्जन में कोड के जरिए एक्टिव किया गया है। शुरुआती टेस्टिंग में यह फीचर ठीक तरह से काम करता दिखाई दिया है। Google ने अभी इसके आधिकारिक रोलआउट की तारीख नहीं बताई है। ऐसे में यह साफ नहीं है कि इसे सभी Android यूजर्स के लिए कब उपलब्ध कराया जाएगा। उम्मीद है कि आने वाले समय में कंपनी इसे अपडेट के जरिए जारी कर सकती है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article