Bharat Taxi: भारत का पहला और सबसे बड़ा सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म हुआ लॉन्च, जानें खूबियां
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Feb 5, 2026, 03:27 PM IST
Bharat Taxi: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 'भारत टैक्सी' ऐप को आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया है। भारत टैक्सी' विदेशी निवेश-आधारित एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स का एक स्वदेशी विकल्प है, जो कि जीरो-कमिशन और सर्ज फ्री प्राइसिंग मॉडल पर काम करता है।
भारत टैक्सी भारत में लॉन्च (Photo: X handle @BharatTaxi)
Bharat Taxi: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में भारत के पहले सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म 'भारत टैक्सी' को आधिकारिक रूप से लॉन्च कर दिया है। 'भारत टैक्सी' विदेशी निवेश-आधारित एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म्स का एक स्वदेशी विकल्प पेश करता है। यह प्लेटफॉर्म जीरो-कमिशन और सर्ज फ्री प्राइसिंग मॉडल पर काम करता है, जिसके साथ मुनाफा सीधे ड्राइवर तक पहुंचता है। 'भारत टैक्सी' को भारत के पहले सहकारिता-नेतृत्व वाले राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म के रूप में विशेष पहचान मिलती है। इसकी स्थापना 6 जून 2025 को की गई थी और यह भारत टैक्सी बहु-राज्य सहकारी समितियां अधिनियम, 2002 के तहत रजिस्टर्ड है।
प्लेटफॉर्म से जुड़े चार लाख ड्राइवर
सहकारिता मंत्रालय के डेटा के अनुसार, अपनी स्थापना के बाद से भारत टैक्सी भारत का पहला और सबसे बड़ा सहकारिता-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म और दुनिया का सबसे बड़ा ड्राइवर-स्वामित्व वाला मोबिलिटी प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है। अब तक लगभग चार लाख ड्राइवर भारत टैक्सी प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं और दस लाख से ज्यादा यूजर्स रजिस्टर्ड हो चुके हैं। इसी के साथ लगभग 10 करोड़ रुपए की राशि अब तक सीधे ड्राइवरों को दी जा चुकी है।
महिलाओं को भी मिल रहा बढ़ावा
मंत्रालय के अनुसार, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए बाइक दीदी जैसी पहलें भी चलाई जा रही हैं, जिनके तहत अब तक 150 से अधिक महिला ड्राइवर भारत टैक्सी से जुड़ चुकी हैं।
ड्राइवर के लिए खास सुविधाएं
भारत टैक्सी हेल्थ इंश्योरेंस, एक्सीडेंट इंश्योरेंस, रिटायरमेंट सेविंग्स और डेडिकेटेड ड्राइवर सपोर्ट सिस्टम के जरिए सारथियों को सोशल सिक्योरिटी देता है। यह प्लेटफॉर्म रैपिड इमरजेंसी असिस्टेंस, वेरिफाइड राइड डेटा की सुविधा देता है। साथ ही, ड्राइवर्स को बिना शर्तों के दूसरे प्लेटफॉर्म के साथ काम करने की भी आजादी मिलती है।
यात्रियों के लिए खास सुविधाएं
यात्रियों के लिए भारत टैक्सी ऐप पर एसओएस बटन, इमरजेंसी कॉन्टैक्ट अलर्ट, साइरन बटन और लाइव राइड ट्रैकिंग जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं-
- One-tap SOS button: तुरंत लोकल पुलिस कंट्रोल रूम से कनेक्ट कर सकते हैं।
- Emergency contact alerts: आपके भरोसेमंद संपर्क तुरंत नोटिफिकेशन पा सकते हैं।
- Siren button: इमरजेंसी में ऐप से तेज़ सायरन बजा सकते हैं।
- Live ride tracking: अपनी राइड रियल‑टाइम में दोस्तों और परिवार के साथ शेयर कर सकते हैं।
भारत टैक्सी कैसे करें इस्तेमाल
भारत टैक्सी ऐप को प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है और दूसरी टैक्सी एग्रीगेटर सर्विस की तरह ही इस्तेमाल भी किया जा सकता है। यूजर एक बार अकाउंट वेरिफाई होने के बाद अपने लिए राइड बुक कर सकता है। ऐप पर बाइक और कैब दोनों बुक की जा सकती है। राइड लेने के बाद अगर यात्री का कोई सामान गायब हो जाता है तो इसे ऐप पर Find a Lost Item के साथ रिपोर्ट करने की सुविधा मिलती है।