यूटिलिटी

आसानी से निकाल सकते हैं पुराने बैंक अकाउंट में पड़े पैसे, तरीका समझ लें

खाते में 10 साल तक पैसा बिना क्लेम के पड़ा रहने पर इसे आरबीआई के DEAF में ट्रांसफर कर दिया जाता है, हालांकि ग्राहक या उनके कानूनी वारिस कभी भी इस पैसे को क्लेम कर सकते हैं।

Image

आसानी से निकाल सकते हैं पुराने बैंक अकाउंट में पड़े पैसे, तरीका समझ लें

अगर आपके पुराने बैंक खातों में पैसा पड़ा है और आप उसे भूल चुके हैं, तो आप आसानी से उसे वापस पा सकते हैं। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने अनक्लेम्ड डिपॉजिट यानी बिना क्लेम वाले पैसे को वापस दिलाने के लिए पहल की है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को उनके भूले हुए पैसे से जोड़ना है, लेकिन समस्या यह है कि अधिकतर लोगों को इसके बारे में जानकारी ही नहीं है।

क्या है UDGAM पोर्टल?

UDGAM पोर्टल एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां लोग विभिन्न बैंकों में पड़ी अपनी अनक्लेम्ड जमा राशि की जानकारी एक ही जगह पर खोज सकते हैं। इसमें सेविंग अकाउंट, फिक्स्ड डिपॉजिट या अन्य ऐसे बैलेंस शामिल हैं, जो 10 साल या उससे अधिक समय से निष्क्रिय पड़े हैं।

कैसे करें अनक्लेम्ड डिपॉजिट की खोज?

UDGAM पोर्टल पर सर्च करने के लिए यूजर को सबसे पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके लिए मोबाइल नंबर दर्ज कर OTP के माध्यम से वेरिफिकेशन करना होता है। इसके बाद नाम, पैन कार्ड, वोटर आईडी या जन्मतिथि जैसी जानकारी भरकर सर्च किया जा सकता है। यदि कोई मैच मिलता है, तो संबंधित बैंक की जानकारी नोट करके उस बैंक शाखा में जाकर राशि का दावा किया जा सकता है।

दावा करने के लिए जरूरी दस्तावेज

यह ध्यान रखना जरूरी है कि UDGAM पोर्टल केवल खोज की सुविधा देता है, जबकि क्लेम की प्रक्रिया संबंधित बैंक शाखा में ही पूरी होती है। इसके लिए निम्न दस्तावेज जरूरी होते हैं:

  • वैध पहचान पत्र (जैसे पैन या आधार)
  • एड्रेस प्रूफ
  • मूल जमा दस्तावेज
  • खाताधारक की मृत्यु होने पर संबंध का प्रमाण

ध्यान रखने वाली महत्वपूर्ण बातें

  • केवल उन्हीं बैंकों की जानकारी पोर्टल पर उपलब्ध है, जो इसमें शामिल हैं; धीरे-धीरे और बैंक जोड़े जा रहे हैं।
  • क्लेम की प्रक्रिया RBI पोर्टल के माध्यम से नहीं, बल्कि संबंधित बैंक द्वारा ही की जाती है।
  • नामिनी या कानूनी वारिस भी उचित दस्तावेजों के साथ दावा कर सकते हैं।
Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article