हाउसवाइफ भी कर सकती हैं घर बैठे मोटी कमाई, शुरू करें ये 5 बिजनेस
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Jan 27, 2026, 11:58 AM IST
Work-From-Home Business Ideas for Women: अगर आप हाउसवाइफ हैं और घर का काम करने के बाद भी आपके पास काफी समय बच जाता है तो आप इस समय का सही इस्तेमाल कर सकती हैं। इस समय का इस्तेमाल कमाई के लिए कर सकती हैं। आज के समय में बहुत से ऐसे काम हैं, जो घर पर रहकर ही किए जा सकते हैं और 40-50 हजार रुपए की मासिक कमाई का जरिया बन सकते हैं।
Work-From-Home Business Ideas for Women (Photo: iStock)
Work-From-Home Business Ideas for Women: आज के समय में एक गृहणी केवल घर तक सीमित नहीं रहना चाहती। वह भी अपनी पहचान बनाना चाहती है, आत्मनिर्भर होना चाहती है और परिवार की आय में योगदान देना चाहती है। अच्छी बात यह है कि घर में रहने वाली महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए किसी बड़े पूंजी निवेश की जरूरत नहीं है। वे घर में रहकर भी महीने की मोटी कमाई कर सकती हैं। सही स्किल और थोड़ी प्लानिंग के साथ महिलाएं घर से ही अच्छी-खासी कमाई कर सकती हैं। घर पर रहने वाली महिलाओं के लिए कुछ बिजनेस आइडिया ही बताने जा रहे हैं, जो उनके लिए काम के साबित हो सकते हैं-
क्रेच सर्विस
अगर आपको बच्चों से प्यार है और धैर्य की कमी नहीं है तो क्रेच सर्विस एक अच्छा विकल्प हो सकता है। आजकल कामकाजी माता-पिता अपने छोटे बच्चों की देखभाल के लिए भरोसेमंद क्रेच तलाशते हैं। खुद के घर के एक सुरक्षित हिस्से से यह सर्विस शुरू की जा सकती है। 5–10 बच्चों की देखभाल कर महीने में 30 से 60 हजार रुपए तक की कमाई की जा सकती है।
इवेंट डेकोरेशन
जन्मदिन, किटी पार्टी, बेबी शॉवर और छोटे पारिवारिक कार्यक्रमों में अब प्रोफेशनल डेकोरेशन की मांग तेजी से बढ़ रही है। अगर आपके पास क्रिएटिव सोच है और सजावट का शौक है तो यह बिजनेस आपके लिए कमाई का जरिया बन सकता है। शुरुआत छोटे बजट में की जा सकती है और एक इवेंट से 10 से 50 हजार रुपए तक कमाए जा सकते हैं।
क्लाउड किचन
क्लाउड किचन आज के समय का सबसे ट्रेंडिंग बिजनेस है। खाना बनाना पसंद है तो क्लाउड किचन को कमाई का जरिया बना सकती हैं। बिना होटल खोले, घर से ही ऑनलाइन ऑर्डर लेकर आप खाना बेच सकती हैं। Swiggy और Zomato जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़कर रेगुलर ऑर्डर मिलते हैं। सही क्वालिटी और स्वाद के साथ महीने में 50 हजार से 60 हजार रुपए तक की कमाई की जा सकती है।
इवेंट बेस्ड कैटरिंग सर्विस
छोटे फंक्शन, पूजा, बर्थडे पार्टी या हाउस पार्टी के लिए होम-स्टाइल कैटरिंग की डिमांड बढ़ रही है। यह बिजनेस खासतौर पर वीकेंड पर चलता है, जिससे घरेलू जिम्मेदारियों के साथ इसे आसानी से मैनेज किया जा सकता है। एक इवेंट से 15 से 40 हजार रुपए तक की कमाई आसानी से की जा सकती है।
मेहंदी और बेसिक मेकअप सर्विस
शादी-विवाह और त्योहारों में मेहंदी और बेसिक मेकअप की मांग हमेशा बनी रहती है। अगर घर का काम करने के बाद कुछ समय बच जाता है तो मेहंदी और बेसिक मेकअप सर्विस की ट्रेनिंग ले सकती हैं। कुछ समय की प्रैक्टिस के बाद यह काम आसानी से शुरू किया जा सकता है। इस काम के साथ एक दिन में 5–10 क्लाइंट लेकर 8 से 25 हजार रुपए तक की कमाई की जा सकती है।