Refrigerator temperature: गर्मियों के मौसम में तापमान तेजी से बढ़ता है, और इसी के साथ बढ़ती है खाने-पीने की चीजों के जल्दी खराब होने की संभावना। ऐसे में फ्रिज का सही तापमान बनाए रखना बेहद जरूरी हो जाता है। सही तापमान न केवल आपके खाने को लंबे समय तक ताजा रखता है, बल्कि बिजली की खपत भी बैलेंस करता है और फ्रिज की लाइफ बढ़ाता है। यहां हम गर्मियों के लिए फ्रिज का सही तापमान बता रहे हैं साथ में अन्य जरूरी जानकारी भी देखेंगे।
गर्मियों में फ्रिज का तापमान कितना होना चाहिए?
गर्मियों में फ्रिज का तापमान 2°C से 4°C (36°F से 39°F) के बीच होना चाहिए। वहीं डीप फ्रीजर का तापमान -18°C (0°F) पर सेट रहना चाहिए। यह टेम्परेचर लिमिट, खाने को सुरक्षित रखने के लिए आदर्श मानी जाती है। इससे बैक्टीरिया पनपने की संभावना बहुत कम हो जाती है, जो 5°C से ऊपर के तापमान में तेजी से बढ़ सकते हैं।
अगर तापमान ज्यादा हो जाए तो?
- दूध, दही जैसी डेयरी प्रोडक्ट्स जल्दी खराब होने लगती हैं।
- फलों और सब्जियों में गलन शुरू हो सकती है।
- पका हुआ खाना खराब होकर फूड पॉइजनिंग का खतरा बढ़ा सकता है।
तापमान कम करने के नुकसान?
फ्रिज को ज्यादा ठंडा करने से सब्जियां और फल जमने लगते हैं, जिससे उनकी बनावट और स्वाद बिगड़ जाता है। इसके अलावा अतिरिक्त बर्फ जमने से फ्रिज पर दबाव पड़ता है, जिससे बिजली की खपत बढ़ती है।
फ्रिज का तापमान सही रखने के लिए टिप्स
- थर्मामीटर का इस्तेमाल करें: अगर आपके फ्रिज में इन-बिल्ट थर्मामीटर नहीं है तो एक छोटा डिजिटल थर्मामीटर इस्तेमाल करें।
- ओवरलोड न करें: फ्रिज को जरूरत से ज्यादा सामान से न भरें। हवा का सही सर्कुलेशन जरूरी है।
- बार-बार दरवाजा न खोलें: बार-बार दरवाजा खोलने से ठंडी हवा बाहर निकलती है और फ्रिज को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
- साफ-सफाई बनाए रखें: कूलिंग वेंट्स पर धूल-मिट्टी जमने न दें। इससे ठंडी हवा का बहाव बाधित नहीं होगा।
- जरूरी चीजें ऊपरी शेल्फ में रखें: फ्रिज के ऊपरी हिस्से में तापमान सबसे ठंडा रहता है। जल्दी खराब होने वाली चीजें (जैसे दूध) यहां रखें।
- स्मार्ट सेटिंग्स का प्रयोग करें: कई नए फ्रिज में "समर मोड" या "सीजनल सेटिंग" होती है, उसका सही तरीके से उपयोग करें।
