यूटिलिटी

रेलवे ने कसा शिकंजा, अब लगेगा डबल जुर्माना, ट्रेन में चढ़ने से पहले नए रेट जान लें

Railway New Rule 2026,: यदि आप भी ट्रेन में सफर करते हैं तो आपके लिए बड़ी खबर है। रेलवे अधिनियम, 1989 की धाराओं 137 और 138 में बड़ा बदलाव किया गया है।

Image

रेलवे अधिनियम में हुआ बदलाव, अब लगेगा दोगुना जुर्माना, नए रेट जान लें

Photo : PTI

रेलवे में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अब परेशानी बढ़ने वाली है। नए नियमों के तहत बिना वैध टिकट यात्रा करने या अनियमित यात्रा करने पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को बढ़ा दिया गया है। पहले जहां यात्रियों को कम से कम 250 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना पड़ता था, वहीं अब यह राशि बढ़ाकर 500 रुपये कर दी गई है। यह बदलाव रेलवे अधिनियम, 1989 की धाराओं 137 और 138 के तहत किया गया है।

बिना टिकट यात्रा करने पर बढ़ेगी जेब पर मार

रेलवे के नए प्रावधानों के अनुसार, यदि कोई यात्री बिना उचित पास या टिकट के यात्रा करता है या निर्धारित दूरी से अधिक यात्रा करता पाया जाता है, तो उसे अब न्यूनतम 500 रुपये का अतिरिक्त शुल्क देना होगा। हालांकि किराया वसूलने से जुड़े अन्य नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे। पहले रेलवे अधिनियम की धारा 137 के तहत बिना टिकट यात्रा करने पर न्यूनतम जुर्माना 250 रुपये था। अब इसे दोगुना कर दिया गया है। वहीं अधिकतम सजा के प्रावधान में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

गलत तरीके से यात्रा पर भी लागू होगा नया नियम

रेलवे की ओर से बताया गया है कि केवल बिना टिकट यात्रा ही नहीं, बल्कि गलत तरीके से यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी यह नियम लागू होगा। यदि कोई यात्री गलत श्रेणी में यात्रा करता है या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करता है, तो उस पर भी बढ़ा हुआ अतिरिक्त शुल्क लगाया जाएगा।

रेलवे में अनुशासन बनाए रखने के लिए कदम

रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और रेलवे व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से जुर्माने की राशि में बदलाव किया गया है। बढ़े हुए जुर्माने से बिना टिकट यात्रा करने की प्रवृत्ति को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

अन्य नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती

रेलवे में बिना अनुमति प्रवेश करना, अनधिकृत रूप से सामान बेचना, महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में प्रवेश करना और रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन नहीं करना जैसे मामलों में भी रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।

1 जुलाई 2026 से लागू होंगे नए जुर्माने

नए संशोधित न्यूनतम जुर्माने का प्रावधान 1 जुलाई 2026 से लागू होगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि धारा 137 और 138 के अन्य प्रावधानों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है और वे पहले की तरह ही लागू रहेंगे।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article