यूटिलिटी

PNB ने इस फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में किया बड़ा बदलाव, अब ज्यादा पैसे नहीं जमा कर पाएंगे ग्राहक

PNB Sugam Fixed Deposit Scheme: पंजाब नेशनल बैंक ने अपने पॉपुलर सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम के तहत निवेश की लिमिट तय कर दी है। इस स्कीम के तहत ग्राहक अब 10 लाख रुपये से ज्यादा नहीं जमा कर पाएंगे। बताते चलें कि इससे पहले इस स्कीम के तहत 10 करोड़ रुपये तक जमा करने की सुविधा थी।

Image

पीएनबी की सुगम एफडी स्कीम के तहत न्यूनतम 10 हजार रुपये में खुलता है खाता

Photo : iStock
KEY HIGHLIGHTS
  • PNB ने सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में किया बदलाव
  • बैंक ने निवेश की राशि को 10 करोड़ से 10 लाख रुपये किया
  • मौजूदा ग्राहकों के लिए भी बदल गए हैं नियम

PNB Sugam Fixed Deposit Scheme: देश के सबसे बड़े सरकारी बैंकों में से एक पंजाब नेशनल बैंक (Punjab National Bank) ने अपनी एक स्कीम में बड़ा बदलाव कर दिया है। जी हां, पीएनबी ने सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में निवेश की सीमा तय कर दी है। नए नियमों के हिसाब से ग्राहक अब इस स्कीम के तहत ज्यादा से ज्यादा 10 लाख रुपये ही जमा कर पाएंगे। इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक बैंक ने कहा है कि जिन मौजूदा ग्राहकों ने सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम के तहत 10 लाख रुपये से ज्यादा जमा किए हैं, मैच्यॉरिटी होने पर 10 लाख रुपये से ऊपर की राशि अलग एफडी के रूप में रिन्यू हो जाएगी।

सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम की अवधि

बताते चलें कि पीएनबी की सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में पहले 10 करोड़ रुपये तक जमा करने की लिमिट थी। ग्राहकों के बीच ये स्कीम इसलिए ज्यादा पॉपुलर है क्योंकि इसमें मैच्यॉरिटी से पहले पैसा निकालने पर किसी तरह का कोई जुर्माना नहीं लगता है। सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में ग्राहक कम से कम 46 दिन और ज्यादा से ज्यादा 120 महीने के लिए निवेश कर सकते हैं।

स्कीम में कौन-कौन खुलवा सकता है खाता

सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में सिंगल खाते के साथ-साथ जॉइंट खाता खोलने की भी सुविधा मिलती है। इसके अलावा, 10 साल और इससे ज्यादा उम्र के बच्चों के लिए आयु का प्रमाण जमा करके खाता खुलवाया जा सकता है। पार्टनरशिप फर्म, कमर्शियल ऑर्गनाइजेशन, कंपनी या कॉर्पोरेट बॉडी भी सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम में खाता खुलवा सकते हैं।

कम से कम कितने रुपये में खुलता है खाता

सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम के तहत कम से कम 10 हजार रुपये में खाता खुल जाता है। इस स्कीम की खास बात ये है कि ग्राहक मैच्यॉरिटी से पहले अपनी जरूरत के हिसाब से जमा राशि में से कितनी भी राशि निकाल सकता है। लेकिन आपको कम से कम 1000 रुपये निकालने होंगे। मान लीजिए, आपने सुगम फिक्स्ड डिपॉजिट खाते में 10 लाख रुपये जमा किए हैं और आपको 50 हजार रुपये की जरूरत है तो आप बिना एफडी तुड़वाए 50 हजार रुपये निकाल सकते हैं।

Sunil Chaurasia
सुनील चौरसिया author

<p>मैं सुनील चौरसिया,. मऊ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला हूं और अभी दिल्ली में रहता हूं। मैं टाइम्स नाउ नवभारत में बिजनेस, यूटिलिटी और पर्सनल फाइनेंस पर... और देखें

End of Article