भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले MSME क्षेत्र और जमीनी स्तर के सूक्ष्म-उद्यमियों की उपलब्धियों को सेलिब्रेट करने के लिए नई दिल्ली में 'जेआरडी टाटा अवार्ड्स 2026' का आयोजन किया गया। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्य अतिथि के रूप में इस पुरस्कार समारोह की अध्यक्षता की और देश भर से आए उत्कृष्ट युवा उद्यमियों को सम्मानित किया। भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट (BYST) द्वारा आयोजित इस समारोह की इस वर्ष की थीम 'सेलिब्रेटिंग ग्रामप्रेन्योर्स, ग्रोइंग इंडिया' रखी गई थी, जिसके तहत ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाले उद्यमियों को सम्मानित किया गया।
देश का दूसरा सबसे बड़ा रोजगार सृजक MSME
समारोह के दौरान साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, भारत के पंजीकृत कुल MSME में 99 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी अकेले सूक्ष्म उद्यमों की है, जिनकी संख्या अब 9.90 करोड़ के पार पहुंच चुकी है। कृषि के बाद MSME क्षेत्र ही देश में सबसे बड़ा रोजगार सृजक है, जिसने 44 करोड़ से अधिक रोजगार का सृजन किया है। इसी क्षमता को पहचानते हुए, बीवाईएसटी (BYST) द्वारा समर्थित देश भर के 14 'ग्रामप्रेन्योर्स' को इस वर्ष शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिनमें पांच महिला उद्यमी भी शामिल हैं। इस विशेष सत्र में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद विजय चिंताकायला और प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष प्रो. एस. महेंद्र देव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के संबोधन की मुख्य बातें
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश के आर्थिक विकास में ग्रामीण, आदिवासी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों की अहम भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि "तकनीक, नवाचार और वित्तीय सहायता की सुलभता के माध्यम से सूक्ष्म और लघु उद्यमों को मजबूत करने से उत्पादन बढ़ाने, 'कचरे से संपदा' (वेस्ट टू वेल्थ) बनाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करने में मदद मिल सकती है। इससे क्षेत्रीय आय की असमानता भी दूर होगी।" उन्होंने आगे कहा कि बीवाईएसटी जैसे संगठनों द्वारा अनुभवी मार्गदर्शकों के सहयोग से ग्रामीण स्तर की उद्यमशीलता को जो बढ़ावा दिया जा रहा है, वह 'आत्मनिर्भर और विकसित भारत' के विजन को मजबूत कर रहा है।
जेआरडी टाटा अवार्ड्स 2026 के प्रमुख विजेता
इस वर्ष तीन मुख्य श्रेणियों में उद्यमशीलता की उत्कृष्टता के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए।
एंट्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर 2026: यह पुरस्कार चेन्नई (रेडहिल्स) के जे. हाजा फुन्यामीन (मेसर्स हाफा फूड्स एंड फ्रोजन फूड्स) को दिया गया। के. वी. नागभूषण राव के मार्गदर्शन में उन्होंने सड़क किनारे समोसा बेचने से शुरुआत कर ₹15.58 करोड़ का फ्रोजन-फूड साम्राज्य खड़ा किया है। उनकी कंपनी यूएई, यूएसए, कनाडा और सिंगापुर को उत्पाद निर्यात करती है, जिससे 100 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और 450 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
वुमन एंट्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर 2026: सुजाता मनोज गनागे और माधवी चंद्रशेखर को संयुक्त रूप से ये पुरस्कार मिला। सुजाता ने डॉ. दिलीप वैरागडे के मार्गदर्शन में 'एस एम इंजीनियरिंग' की स्थापना की, जो रीसाइक्लिंग मशीनरी और ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स बनाती है। वहीं, माधवी ने डॉ. अनिल कौसडीकर के मार्गदर्शन में 'गिरनाले प्रोग्रामिंग सॉल्यूशन' की शुरुआत की, जो प्रिसिजन मैन्युफैक्चरिंग और सीएनसी मशीनिंग में विशेषज्ञता रखती है।
फास्टेस्ट ग्रोइंग एंट्रप्रेन्योर ऑफ द ईयर 2026: यह पुरस्कार 'माइक्रोटेक पॉलिमर्स' के रूपेश हनुमंत शिवरकर को दिया गया। जिनके मार्गदर्शक सौमित्र घोटीकर हैं। उनकी कंपनी का टर्नओवर वित्त वर्ष 2022-23 के ₹1.56 करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2024-25 में ₹5.57 करोड़ तक पहुंच गया।
संस्थागत साझेदारियां और 'मेंटरिंग महाराष्ट्र' का शुभारंभ
समारोह के दौरान बीवाईएसटी ने शिक्षा जगत, सरकार और कौशल विकास पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों के साथ छह समझौता ज्ञापनों (MoUs) का आदान-प्रदान किया, जिसमें बीएमएल मुंजाल यूनिवर्सिटी, शारदा यूनिवर्सिटी और महाराष्ट्र सरकार (अमृत) जैसे संस्थान शामिल हैं। इसके साथ ही, राष्ट्रीय पहल 'मेंटरिंग इंडिया' के अंतर्गत राज्य-स्तरीय कार्यक्रम 'मेंटरिंग महाराष्ट्र' के शुभारंभ की भी घोषणा की गई, जिसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उद्यम निर्माण और वित्तीय सहायता को सुगम बनाना है। वर्ष 1992 में अपनी स्थापना के बाद से बीवाईएसटी ने 72,000 से अधिक उद्यमियों को सहयोग प्रदान किया है, और इसके समर्थित 'ग्रामप्रेन्योर्स' देश भर में 5 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा कर चुके हैं।
