अगर आप दुबई घूमने का प्लान बना रहे हैं और आखिरी समय में यात्रा तय कर रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। दुबई ने टूरिस्ट वीजा प्रक्रिया को तेज कर दिया है। अब भारतीय यात्रियों को सिंगल-एंट्री टूरिस्ट वीजा के लिए फास्ट-ट्रैक सुविधा मिल सकती है, जिसमें आवेदन पूरा होने और जरूरी दस्तावेज जमा करने के बाद वीजा करीब 48 कामकाजी घंटों में प्रोसेस और अप्रूव किया जा सकता है। यह सुविधा दुबई के जनरल डायरेक्टोरेट ऑफ रेजिडेंसी एंड फॉरेनर्स अफेयर्स (GDRFA) की ओर से उपलब्ध कराई गई है। आइए जानते हैं कि इसके लिए अप्लाई कैसे करना है?
30 दिन और 60 दिन के वीजा का विकल्प
दुबई टूरिस्ट वीजा के लिए यात्रियों को अपनी जरूरत के हिसाब से अवधि चुनने का विकल्प मिलता है।
- 60 दिन का सिंगल-एंट्री टूरिस्ट वीजा: लगभग 29,000 रुपये
- 30 दिन का सिंगल-एंट्री टूरिस्ट वीजा: लगभग 19,000 रुपये
फास्ट-ट्रैक वीजा से किन लोगों को फायदा होगा?
इस सुविधा से उन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा हो सकता है जिन्हें जल्दी यात्रा करनी है, जैसे- अचानक छुट्टी का प्लान बनाने वाले यात्री, बिजनेस ट्रिप पर जाने वाले लोग, परिवार से मिलने जाने वाले लोग और किसी जरूरी काम से तुरंत दुबई जाने वाले लोग।
दुबई के वीजा के लिए अप्लाई कैसे करें?
भारतीय पासपोर्ट धारक दुबई जाने से पहले ऑनलाइन फास्ट-ट्रैक वीजा के लिए आवेदन कर सकते हैं। GDRFA दुबई का आधिकारिक डिजिटल पोर्टल, GDRFA DXB मोबाइल ऐप या फिर अधिकृत ट्रैवल एजेंसी या टूरिज्म ऑफिस के जरिए अप्लाई किया जा सकता है। आवेदन के दौरान वीजा प्रकार (30 या 60 दिन) चुनना होगा, पासपोर्ट और फोटो अपलोड करनी होगी, अपनी जानकारी भरनी होगी और फीस जमा करनी होगी।
वीजा के लिए जरूरी दस्तावेज
- आवेदन करते समय आमतौर पर इन दस्तावेजों की जरूरत पड़ सकती है:
- कम से कम 6 महीने वैध पासपोर्ट
- हाल की पासपोर्ट साइज फोटो
- पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस
- जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त दस्तावेज
आवेदन के बाद कैसे मिलेगी जानकारी?
अप्लाई करने के बाद आप ऑनलाइन अपने वीजा स्टेटस को ट्रैक कर सकते हैं। दस्तावेज सही होने पर कुछ मामलों में अप्रूवल तय समय से पहले भी मिल सकता है।
फर्जी वीजा ऑफर से रहें सावधान
दुबई वीजा के नाम पर कई फर्जी वेबसाइट और एजेंट भी सक्रिय रहते हैं। इसलिए आवेदन हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत एजेंट के जरिए ही करें। कम कीमत या तुरंत वीजा दिलाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचना जरूरी है। दुबई की यह फास्ट-ट्रैक टूरिस्ट वीजा सुविधा भारतीय यात्रियों के लिए छुट्टी, शॉपिंग या परिवार से मिलने की योजना को आसान बना सकती है, खासकर उन लोगों के लिए जो कम समय में यात्रा की तैयारी करना चाहते हैं।
