पैसे बचाना आसान काम नहीं है। कई बार कुछ छोटी-छोटी गलतियां आपकी मेहनत की कमाई को नुकसान पहुंचा सकती हैं और आपकी बचत के लक्ष्यों को प्रभावित कर सकती हैं। टैक्स के फायदों को नजरअंदाज करने से लेकर सेविंग का स्पष्ट लक्ष्य न रखने तक, ये गलतियां आपकी बचत को धीरे-धीरे खत्म कर सकती हैं, लेकिन थोड़ी समझदारी से इन्हें टाला जा सकता है। आइए जानते हैं कि यदि आपके पास सेविंग अकाउंट है तो आपको किन-किन गलतियों से बचना चाहिए....
1. स्पष्ट लक्ष्य न बनाना
सेविंग तभी सफल होती है जब उसका कोई ठोस उद्देश्य हो, जैसे इमरजेंसी फंड, घर की डाउन पेमेंट, छुट्टियों का खर्च या रिटायरमेंट। जब आपके पास एक निश्चित लक्ष्य और समयसीमा होती है, तो आप आसानी से तय कर पाते हैं कि हर महीने कितनी रकम बचानी है। यह आपकी बचत को दिशा और प्रेरणा दोनों देता है।
2. न्यूनतम बैलेंस न बनाए रखना
अधिकांश सेविंग अकाउंट्स में न्यूनतम बैलेंस (Minimum Balance) रखने की शर्त होती है, जो बैंक और अकाउंट टाइप के अनुसार ₹1,000 या उससे अधिक हो सकती है। अगर आप यह राशि बनाए नहीं रखते, तो बैंक जुर्माना लगा सकता है। इसलिए हमेशा सुनिश्चित करें कि आपके अकाउंट में न्यूनतम आवश्यक राशि बनी रहे। ध्यान रखें, बैलेंस जितना अधिक होगा, ब्याज भी उतना ही अधिक मिलेगा।
3. बैंक चार्ज और फीस को नजरअंदाज करना
सेविंग अकाउंट से जुड़े कई छिपे हुए शुल्क होते हैं- जैसे चेकबुक, एटीएम निकासी या लेनदेन की सीमा पार करने पर लगने वाले चार्ज। इन शर्तों को ध्यान से पढ़ें और अपनी बैंकिंग आदतों को उसी के अनुसार ढालें, ताकि आप अनावश्यक शुल्क से बच सकें।
4. समय-समय पर समीक्षा न करना
आपकी वित्तीय स्थिति समय के साथ बदलती रहती है, इसलिए अपनी बचत योजना की नियमित समीक्षा करते रहें और जरूरत पड़ने पर बदलाव करें। ऐसा करने से आप अपनी सेविंग्स और निवेश से अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
