सोशल मीडिया पर पिछले कई दिनों से एक दावा खूब वायरल हो रहा है कि यदि E20 या एथेनॉल वाले पेट्रोल से गाड़ी खराब होती है तो इंश्योरेंस क्लेम नहीं मिलेगा। दावे में बकायदा कई इंश्योरेंस कंपनियों का हवाला भी दिया गया था। अब सरकार की ओर से इस पर जवाब आ गया है।
PIB Fact Check ने वायरल दावे को बताया फर्जी
प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के फैक्ट चेक विभाग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दावे को गलत बताया है। PIB ने कहा है कि E20 फ्यूल इस्तेमाल करने से मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी अमान्य नहीं होती है और वाहन मालिकों के इंश्योरेंस क्लेम पर इसका सीधा असर नहीं पड़ेगा। PIB ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी दावे पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से जानकारी जरूर जांच लें।
E20 फ्यूल को लेकर क्यों शुरू हुआ विवाद?
E20 फ्यूल को लेकर विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें सामने आने लगीं कि E20 पेट्रोल के कारण वाहन को नुकसान होने पर इंश्योरेंस कंपनियां क्लेम स्वीकार नहीं कर रही हैं। खासकर पुराने वाहनों और ऐसे वाहनों को लेकर चिंता बढ़ी, जो E20 फ्यूल के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं। वाहन मालिकों के बीच यह सवाल उठने लगा कि अगर E20 पेट्रोल से इंजन या अन्य हिस्सों में खराबी आती है तो क्या इंश्योरेंस कंपनी भुगतान करने से मना कर सकती है।
ICICI Lombard की टिप्पणी के बाद बढ़ी चर्चा
मामले ने उस समय ज्यादा तूल पकड़ा जब इंश्योरेंस कंपनी ICICI Lombard General Insurance के एक ब्लॉग में कहा गया था कि अगर वाहन ऐसे फ्यूल का इस्तेमाल करता है जिसके लिए वह डिजाइन नहीं किया गया है, तो इसे गलत इस्तेमाल या लापरवाही के तौर पर देखा जा सकता है और क्लेम की समीक्षा की जा सकती है। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे E20 फ्यूल के नुकसान और इंश्योरेंस क्लेम रिजेक्शन से जोड़ना शुरू कर दिया।
इंश्योरेंस कंपनी ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद ICICI Lombard General Insurance की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया। कंपनी ने स्पष्ट किया कि केवल E20 फ्यूल इस्तेमाल करने की वजह से वाहन इंश्योरेंस पॉलिसी खत्म नहीं होती और क्लेम अपने आप रिजेक्ट नहीं किया जा सकता।
वाहन मालिकों के लिए क्या जरूरी है?
वाहन मालिकों को अपने वाहन की क्षमता और निर्माता की गाइडलाइन को ध्यान में रखना चाहिए। नए वाहन E20 फ्यूल के अनुकूल बनाए जा रहे हैं, जबकि पुराने वाहनों के मामले में वाहन निर्माता की सलाह देखना बेहतर है। फिलहाल सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने पर मोटर इंश्योरेंस क्लेम अमान्य होने की बात गलत है। वाहन मालिकों को सोशल मीडिया पर फैलने वाली अपुष्ट जानकारी से सावधान रहने की जरूरत है।
