अध्यात्म

देव कैसे उठाएं: देवउठनी एकादशी की शाम को देव कैसे उठाते हैं, जानें देवता जगाने की पारंपरिक विधि

Dev Uthane Ki Vidhi: देवउठनी एकादशी पर शाम को प्रदोष काल में भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने की परंपरा निभाई जाती है। जानें देवउठनी ग्यारस पर देव उठाने की संपूर्ण विधि। जानें आज देवता कैसे जगाए जाते हैं?

Image

देव कैसे उठाए जाते हैं?

Dev Uthane Ki Vidhi: सभी एकादशियों में देवउठनी एकादशी को महत्वपूर्ण माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं और इसी दिन चातुर्मास का समापन हो जाता है। देवों के जागने के बाद से ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। इस दिन व्रत, पूजा और भगवान विष्णु की आराधना के साथ शाम के समय देव उठाने की एक खास परंपरा भी निभाई जाती है। घरों में दीपक जलाकर, पारंपरिक गीत गाकर और परात बजाकर भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने का आह्वान किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि देवउठनी एकादशी (Devuthani Ekadashi) की शाम देव उठाने की सही विधि क्या है और इस दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए? आइए जानते हैं देव उठाने की सरल और पारंपरिक विधि।

देवउठनी एकादशी को देवता कैसे उठाते हैं

आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार महीने के लिए योग निद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल एकादशी को उनके जागने का उत्सव मनाया जाता है। इसे देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन सुबह भगवान विष्णु की विधिवत पूजा और व्रत किया जाता है, जबकि शाम के समय प्रदोष काल में देवों को जगाने की परंपरा निभाई जाती है। मान्यता है कि घंटी, शंख, गीत और परात की आवाज से भगवान को जागने का निमंत्रण दिया जाता है। यही वजह है कि इस दिन शाम का समय बेहद खास माना जाता है।

देवउठनी एकादशी पर देव उठाने की विधि

  • शाम को प्रदोष काल में पूजा स्थल या जहां देव स्थापित किए गए हों, वहां साफ-सफाई करें। इसके बाद भगवान विष्णु के सामने घी का दीपक जलाएं। पारंपरिक विधि में परात को हल्का ऊपर उठाकर उसके नीचे दीपक जलाने की भी मान्यता है। इस दौरान भगवान से सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण की प्रार्थना करें।
  • दीपक जलाने के बाद देव उठाने के पारंपरिक गीत गाए जाते हैं। इस दौरान परात को बजाकर भगवान विष्णु को योग निद्रा से जागने का आह्वान किया जाता है। घर की महिलाएं और परिवार के अन्य सदस्य भी इसमें शामिल होते हैं। कई जगहों पर घंटी और शंख बजाने की परंपरा भी प्रचलित है।
  • गीत गाने और परात बजाने के बाद अपने गोत्र का नाम लिया जाता है। इसके बाद भगवान विष्णु से जागने की प्रार्थना करते हुए परात को एक तरफ रख दिया जाता है। इस दौरान श्रद्धापूर्वक देवों का आह्वान करें और उनसे घर-परिवार पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना करें।
  • इसके बाद हाथ जोड़कर भगवान विष्णु और अन्य देवों को प्रणाम करें। इसके बाद सीधे हाथ में थोड़ा जल लेकर देवों के ऊपर से दो बार वारते हैं। इसके बाद हाथ जोड़कर उन्हें नमन किया जाता है। इस प्रक्रिया को श्रद्धा और विश्वास के साथ पूरा करें।
  • देव उठाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भगवान को मिठाई या अपनी श्रद्धा के अनुसार भोग अर्पित करें। पूजा के दौरान बचा हुआ जल पौधों में डाल दें। इसके बाद भगवान को चढ़ाया गया प्रसाद परिवार के सभी सदस्यों में बांटें।

देव उठाने के बाद शुरू हो जाएंगे मांगलिक कार्य

हिंदू धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है। इसके बाद विवाह, सगाई, गृह प्रवेश और अन्य शुभ कार्यों के लिए मुहूर्त निकलने शुरू हो जाते हैं। इसी दिन कई स्थानों पर तुलसी विवाह की परंपरा भी निभाई जाती है। तुलसी माता और भगवान शालिग्राम के विवाह के साथ मांगलिक आयोजनों की शुरुआत का उत्सव मनाया जाता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article