एलपीजी गैस सिलेंडर (LPG Gas Cylinder) आज लगभग हर घर की जरूरत बन चुका है। हालांकि, इसके इस्तेमाल में थोड़ी-सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। कई बार रेगुलेटर, पाइप या सिलेंडर में खराबी के कारण गैस लीक होने लगती है। ऐसे समय में घबराने के बजाय सही कदम उठाना बेहद जरूरी होता है। लेकिन अक्सर लोग अनजाने में कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जो आग लगने या विस्फोट जैसी खतरनाक स्थिति पैदा कर सकती हैं। गैस सिलेंडर लीक होने पर कौन-सी गलतियां नहीं करनी चाहिए, इस आर्टिकल में यही बताने जा रहे हैं ऐसी स्थिति में कौन-सी गलतियां करने से बचना चाहिए-
बिजली के स्विच ऑन या ऑफ न करें
गैस लीक (Gas Leak) होने की स्थिति में सबसे बड़ी गलती बिजली के स्विच का इस्तेमाल करना है। कई लोग पंखा चलाने, लाइट जलाने या बंद करने के लिए स्विच दबा देते हैं। ऐसा करने पर स्विच के अंदर बनने वाली छोटी-सी चिंगारी भी गैस को आग पकड़वा सकती है। अगर गैस की गंध आ रही हो तो किसी भी इलेक्ट्रिकल उपकरण, स्विच, डोरबेल या प्लग का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।
माचिस, लाइटर या मोमबत्ती न जलाएं
कुछ लोग यह जांचने की कोशिश करते हैं कि गैस कहां से लीक हो रही है और इसके लिए माचिस या लाइटर जला देते हैं। ऐसा करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। गैस हवा में फैल चुकी हो तो एक छोटी-सी लौ भी बड़े विस्फोट का कारण बन सकती है। गैस लीक की जांच कभी भी आग की मदद से नहीं करनी चाहिए।
दरवाजे और खिड़कियां बंद न रखें
गैस लीक होने पर कई लोग घबराकर कमरे को बंद कर देते हैं। ऐसा करने से गैस कमरे में जमा होती रहती है और खतरा बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में तुरंत सभी खिड़कियां और दरवाजे खोल दें ताकि गैस बाहर निकल सके और कमरे में ताजी हवा का प्रवाह बना रहे।
मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें
हालांकि स्मार्टफोन अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाते हैं, फिर भी गैस लीक वाले क्षेत्र में कॉल करना या फोन का इस्तेमाल करना जोखिम भरा हो सकता है। बेहतर होगा कि गैस रिसाव वाले कमरे से बाहर निकलकर ही किसी को फोन करें। गैस एजेंसी, आपातकालीन सेवा या परिवार के सदस्यों से संपर्क हमेशा सुरक्षित स्थान पर जाकर करें।
गैस लीक को नजरअंदाज न करें
कई बार लोगों को हल्की गैस की गंध महसूस होती है लेकिन वे सोचते हैं कि थोड़ी देर में ठीक हो जाएगी। यह सबसे खतरनाक लापरवाही साबित हो सकती है। अगर गैस की गंध लगातार आ रही है, तो तुरंत रेगुलेटर बंद करें। अगर सुरक्षित रूप से संभव हो तो सिलेंडर का वाल्व भी बंद करें और गैस एजेंसी या तकनीशियन को तुरंत सूचना दें।
कैसे पहचानें गैस लीक?
एलपीजी में एक विशेष गंध वाला रसायन मिलाया जाता है ताकि रिसाव का पता आसानी से चल सके। अगर रसोई में सड़े हुए अंडे जैसी तेज गंध महसूस हो रही हो, तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। इसके अलावा, पाइप या रेगुलेटर के आसपास सीटी जैसी आवाज भी गैस लीक का संकेत हो सकती है।
