यूटिलिटी

लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त जारी, चेक करें आपके खाते में आया या नहीं

Lado Lakshmi Yojana: हरियाणा सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत पेंशन, प्रोत्साहन और सब्सिडी समय पर देने का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को 18 कल्याणकारी योजनाओं के तहत 56.34 लाख लाभार्थियों के खातों में 1,431 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त में 9.22 लाख महिलाओं को 193 करोड़ रुपये भेजे गए।

Lado Lakshmi Yojana

हरियाणा में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों के लिए बड़ी राहत (तस्वीर-istock)

Photo : iStock

Lado Lakshmi Yojana: हरियाणा सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन, प्रोत्साहन राशि और सब्सिडी अब लाभार्थियों को समय पर मिले। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को 18 जन कल्याणकारी योजनाओं के तहत 56 लाख 34 हजार लाभार्थियों के खातों में 1431 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए। लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त के तहत 9 लाख 22 हजार 452 महिलाओं के खातों में 193 करोड़ रुपये भेजे गए। अब तक इस योजना की सभी चार किस्तों में कुल 634 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खाते में जमा हो चुके हैं।

लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ा

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब लाडो लक्ष्मी योजना के तहत एक लाख 80 हजार रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं भी 2100 रुपये मासिक पाने की पात्रता में शामिल होंगी। इसमें वे महिलाएं भी शामिल हैं जिनके बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं और जिन्होंने कक्षा 10 या 12 में बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत या अधिक अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा, कक्षा एक से चार के बच्चों की माताओं, ‘निपुण भारत मिशन’ में दक्षता हासिल करने वाले बच्चों की माताओं और कुपोषण से सफल पुनर्वासित महिलाओं को भी यह लाभ मिलेगा।

महिलाओं को मिलेगा मासिक 2100 रुपये

हरियाणा सरकार ने एक लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाली महिलाओं के लिए नई योजना शुरू की है, जिसमें उन्हें मासिक 2100 रुपये दिए जाते हैं। इस योजना के तहत फरवरी माह से 1100 रुपये सीधे खातों में भेजे जाते हैं और शेष 1000 रुपये एफडी के रूप में जमा कराए जाते हैं।

पेंशन योजना के लाभार्थियों को राहत

मुख्यमंत्री ने बुढ़ापा, विधवा और दिव्यांग सहित सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत 34.14 लाख लाभार्थियों के खातों में 1098 करोड़ रुपये भेजे। इससे राज्य में पेंशन से संबंधित शिकायतों और आय आधारित पात्रता संबंधी समस्याओं को हल करने में मदद मिलेगी।

सब्सिडी योजनाओं का विस्तार

हर घर हर गृहिणी गैस सिलेंडर रिफिल योजना के तहत 12 लाख 62 हजार महिलाओं के खातों में नवंबर और दिसंबर के लिए 38.97 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई। इस योजना के तहत महिलाएं 500 रुपये में गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकती हैं। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 36 हजार लाभार्थियों के खातों में 101 करोड़ रुपये की सब्सिडी राशि दी गई।

शिकायतों का त्वरित निवारण

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के अतिरिक्त उपायुक्तों को निर्देश दिए हैं कि पेंशन या आय आधारित पात्रता से जुड़ी शिकायतों का निष्पक्ष और समय पर समाधान किया जाए। सभी एडीसी सप्ताह में सोमवार और बृहस्पतिवार को समाधान शिविर लगाकर लाभार्थियों की समस्याओं का समाधान करेंगे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र व्यक्ति की पेंशन नहीं रोकी जाएगी।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंह author

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल ... और देखें

End of Article