Post Office Kisan Vikas Patra: यूं तो भारत में निवेश के लिए कई ऑप्शन्स उपलब्ध हैं लेकिन हर जगह आपका पैसा सुरक्षित रहे इसकी गारंटी नहीं है। यही वजह है कि देशा का आम आदमी हमेशा ऐसा ऑप्शन चुनता है जहां उसके निवेश की सुरक्षा के साथ-साथ बेहतर रिटर्न की भी गारंटी मिले। ऐसे में बैंकों की फिक्स्ड डिपॉजिट स्कीम और पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम्स आम लोगों की पहली पसंद हैं। ग्राहकों को मोटा रिटर्न देने के मामले में आज पोस्ट ऑफिस, देश के टॉप बैंकों को जबरदस्त टक्कर दे रहा है। इसी बीच डाक घर ने किसान विकास पत्र (KVP) योजना के तहत दी जाने वाली ब्याज दर में भी बढ़ोतरी कर दी है।
5 महीने पहले ही डबल हो जाएगा आपका पैसा
डाक घर ने किसान विकास पत्र सेविंग स्कीम्स पर ब्याज दर को 7.2 फीसदी से बढ़ाकर 7.5 फीसदी कर दिया है। नई ब्याज दरें 1 अप्रैल से लागू भी कर दी गई हैं। किसान विकास पत्र स्कीम के तहत निवेशकों का पैसा एक तय समय के बाद दोगुना हो जाता है। पोस्ट ऑफिस जब इस स्कीम पर 7.2 फीसदी का ब्याज देता था तब निवेशकों का पैसा डबल होने में 120 महीने लगते थे। लेकिन अब जब स्कीम पर मिलने वाली ब्याज दर 7.2 फीसदी से बढ़कर 7.5 फीसदी हो गई है तो ऐसे में आपका पैसा 120 के बजाय 5 महीने कम यानी 115 महीनों (9 साल और 7 महीने) में ही डबल हो जाएगा।
कम से कम 1000 रुपये से भी खोल सकते हैं KVP अकाउंट
बताते चलें कि किसान विकास पत्र सेविंग स्कीम के तहत आप कम से कम 1000 रुपये से खाता खोल सकते हैं। इस स्कीम में अधिकतम डिपॉजिट की कोई सीमा नहीं है। पोस्ट ऑफिस की ये स्कीम सिंगल और जॉइन्ट दोनों तरह के खातों के साथ खोली जा सकती है। जॉइन्ट खाते में अधिकतम 3 वयस्कों के शामिल होने का ऑप्शन मिलता है। किसान विकास पत्र स्कीम के तहत अगर आप अपना खाता बंद करना चाहते हैं तो खाता खुलवाने की तारीख से 2 साल और 6 महीने के बाद इसे बंद कराया जा सकता है।
