यूटिलिटी

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए आवेदन शुरू, जानें कैसे करें ऑनलाइन आवेदन और आखिरी तारीख

अगर आप भी कैलाश मानसरोवर की यात्रा करना चाहते हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। भारत और चीन के बीच कूटनीतिक सुधारों के बाद फिर से शुरू हुई यह यात्रा जून से अगस्त 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।

Image

Kailash Mansarovar

भगवान शिव के निवास स्थान कैलाश मानसरोवर की यात्रा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खबर आई है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने साल 2026 की कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए आधिकारिक तौर पर पंजीकरण (Registration) प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह यात्रा न केवल हिंदुओं के लिए बल्कि जैन और बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए भी अत्यधिक धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखती है। भारत और चीन के बीच कूटनीतिक सुधारों के बाद फिर से शुरू हुई यह यात्रा जून से अगस्त 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। ऐसे में अगर आप कैलाश मानसरोवर की यात्रा करना चाहते हैं तो आइए बताते हैं आप इसके लिए कब तक और कैसे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं?

कब तक कर सकते हैं अप्लाई

यदि आप इस पावन यात्रा का हिस्सा बनना चाहते हैं, तो आपको समय का विशेष ध्यान रखना होगा। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 मई 2026 निर्धारित की गई है। पूरी आवेदन और चयन प्रक्रिया को पूरी तरह से डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है। यात्रियों का चयन एक "कंप्यूटरीकृत रैंडम और जेंडर बैलेंस" प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा, जिसमें किसी भी मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइश नहीं होगी। चयनित आवेदकों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर स्वचालित संदेश के जरिए सूचित किया जाएगा।

इन दो मार्गों से होगी यात्रा

1. लिपुलेख दर्रा (उत्तराखंड): इस मार्ग से 10 जत्थे भेजे जाएंगे, जिनमें कुल 500 यात्री शामिल होंगे। प्रति व्यक्ति अनुमानित लागत लगभग ₹2.09 लाख है और यात्रा की अवधि करीब 22 दिन होगी।

2. नाथू ला दर्रा (सिक्किम): इस मार्ग से भी 10 जत्थे (500 यात्री) रवाना होंगे। यहाँ प्रति व्यक्ति लागत लगभग ₹3.31 लाख है और यात्रा की अवधि 21 दिन की होगी। श्रद्धालु अपनी प्राथमिकता के अनुसार दोनों में से किसी एक या दोनों मार्गों का विकल्प चुन सकते हैं।

कौन कर सकता है रजिस्टर?

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए कुछ कड़े नियम और पात्रता मानदंड तय किए गए हैं:

  • नागरिकता: आवेदक का भारतीय नागरिक होना और उसके पास वैध भारतीय पासपोर्ट होना अनिवार्य है (OCI कार्ड धारक पात्र नहीं हैं)।
  • एज लिमिट: 1 जनवरी 2026 को आवेदक की उम्र कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 70 वर्ष होनी चाहिए।
  • शारीरिक फिटनेस: यात्रियों का बॉडी मास इंडेक्स (BMI) 25 या उससे कम होना चाहिए और उन्हें कड़े मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा।

कैसे करें ऑनलाइन आवेदन?

आवेदन करने के लिए श्रद्धालुओं को विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट kmy.gov.in पर जाना होगा। यहाँ आपको अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पासपोर्ट विवरण और मार्ग की प्राथमिकता भरनी होगी। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अब किसी भी तरह के भौतिक पत्र या फैक्स भेजने की आवश्यकता नहीं है; सभी सूचनाएं और फीडबैक केवल पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

आदि कैलाश यात्रा का भी विकल्प

जो लोग तिब्बत (चीन) नहीं जा सकते, उनके लिए भारत की सीमा के भीतर ही आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा का विकल्प भी खुला है। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से शुरू होने वाली इस यात्रा के लिए भी प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और 1 मई से यात्रियों के दल रवाना होने शुरू हो गए हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठी author

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिच... और देखें

End of Article