यूटिलिटी

छठ में घर जाने वाले परेशान, समय पर नहीं खुल रही IRCTC की वेबसाइट, दिसंबर से सब ठीक हो जाएगा

दिवाली और छठ पर ट्रेन टिकट बुक करने वालों को IRCTC की नई वेबसाइट पर परेशानी हो रही है। जानिए वेबसाइट कब तक पूरी तरह बेहतर होगी और दिसंबर से क्या बदल सकता है।

Image

दिसंबर से टिकट बुकिंग हो सकती है ज्यादा तेज

दिवाली और छठ पर घर जाने के लिए ट्रेन टिकट बुक करने की तैयारी कर रहे यात्रियों को इन दिनों IRCTC की नई वेबसाइट पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हर रोज जैसे ही सुबह 8 बजे टिकट की बुकिंग शुरू हो रही है तो लोगों को हेवी लोड का मैसेज लगातार मिलने लग रहा है और यह समस्या तब तक रह रही है जब तक सारी सीटें फुल ना हो जाएं।

पीक टाइम में टिकट बुक करने के दौरान वेबसाइट हैंग होने, पेज लोड न होने, पेमेंट फेल होने और अचानक वेबसाइट से बाहर हो जाने जैसी भी शिकायतें सामने आ रही हैं। त्योहारों के दौरान जब हजारों-लाखों यात्री एक साथ टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं, तब यह परेशानी और बढ़ जाती है, हालांकि राहत की बात यह है कि हर बार वेबसाइट पर समस्या आएगी, ऐसा नहीं है। नई वेबसाइट अभी बीटा वर्जन में है और इसे बेहतर बनाने के लिए तकनीकी स्तर पर काम जारी है।

बैकएंड को मजबूत करने का चल रहा काम

वेबसाइट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक IRCTC की नई व्यवस्था में बैकएंड कनेक्टिविटी को मजबूत करने और तकनीकी दिक्कतों को दूर करने का काम बड़े स्तर पर चल रहा है। इसके लिए जरूरी कनेक्टिविटी से जुड़े काम को नवंबर तक पूरा किए जाने की उम्मीद है।

इसके बाद दिसंबर से वेबसाइट की ज्यादा यूजर्स का ट्रैफिक संभालने की क्षमता बढ़ सकती है। इसका सीधा फायदा टिकट बुक करने वाले यात्रियों को मिलने की उम्मीद है। यानी आने वाले समय में बुकिंग प्रक्रिया अभी के मुकाबले ज्यादा तेज और आसान हो सकती है।

रोज करोड़ों लोग करते हैं IRCTC पर लॉगिन

IRCTC की वेबसाइट पर सामान्य दिनों में भी काफी ज्यादा ट्रैफिक रहता है। हर दिन करीब डेढ़ से पौने दो करोड़ से ज्यादा लॉगिन होते हैं। वहीं दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के समय टिकट की मांग अचानक कई गुना बढ़ जाती है। 7 सितंबर को ही एक दिन में 20 लाख से ज्यादा टिकट बुक किए गए थे। ऐसे में जब बड़ी संख्या में लोग एक ही समय पर टिकट बुक करने पहुंचते हैं, तो वेबसाइट के सर्वर और बैकएंड सिस्टम पर दबाव बढ़ना स्वाभाविक है।

छठ के लिए यूपी-बिहार जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा मारामारी

छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में लोग दिल्ली, मुंबई, पंजाब, हरियाणा और दूसरे राज्यों से उत्तर प्रदेश और बिहार अपने घर जाते हैं। यही वजह है कि छठ के आसपास यूपी-बिहार जाने वाली ट्रेनों की डिमांड काफी ज्यादा रहती है। कई ट्रेनों में बुकिंग शुरू होते ही सीटें तेजी से भर रही हैं। यात्रियों के लिए पहले टिकट बुक करना ही सबसे बड़ी चुनौती है और अगर इसी दौरान वेबसाइट हैंग हो जाए या पेमेंट फेल हो जाए तो परेशानी और बढ़ जाती है।

रेलवे चला रहा स्पेशल ट्रेनें

त्योहारों के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कुछ फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शुरू की हैं। आने वाले दिनों में कई और स्पेशल ट्रेनों की घोषणा किए जाने की उम्मीद है। इन अतिरिक्त ट्रेनों से यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे। साथ ही उम्मीद है कि अलग-अलग ट्रेनों में यात्री बंटने से IRCTC वेबसाइट पर एक ही समय में पड़ने वाला दबाव भी कुछ कम होगा।

दिसंबर से टिकट बुकिंग हो सकती है ज्यादा तेज

नई व्यवस्था में तकनीकी सुधार का काम पूरा होने के बाद टिकट बुकिंग का अनुभव बदलने की उम्मीद है। सीट उपलब्ध होने पर टिकट कुछ ही सेकंड में बुक हो सकेगा, जबकि सीट उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में सिस्टम तुरंत 'Not Available' दिखा सकता है। फिलहाल यात्रियों को बुकिंग के दौरान कभी-कभी तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हर बार वेबसाइट काम नहीं करेगी। सिस्टम को लगातार अपग्रेड किया जा रहा है।

अगर बैकएंड कनेक्टिविटी और बाकी तकनीकी सुधार तय समय के अनुसार पूरे होते हैं, तो दिसंबर से IRCTC की नई वेबसाइट पर टिकट बुकिंग पहले के मुकाबले ज्यादा तेज और सहज हो सकती है। हालांकि दिवाली और छठ के पीक सीजन में ट्रैफिक काफी ज्यादा रहने वाला है, इसलिए यात्रियों को टिकट बुकिंग के लिए पहले से तैयारी रखने की सलाह दी जा सकती है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article