How To Increase Cooling Of AC: इस वक्त पूरे भारत में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। कुछ शहरों में तो तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के पर जा पहुंचा है। ऐसे में AC का पर्याप्त कूलिंग न देना आम बात है। कुछ इलाकों में तो पूरा दिन AC चलाये रखने के बावजूद भी कूलिंग नहीं मिल पा रही है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अपने कमरे और AC की सेटिंग में छोटे-मोटे बदलाव करके आप बेहतर कूलिंग प्राप्त कर सकते हैं? आज हम आपको ऐसी टिप्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिनकी मदद से आप अपने AC की कूलिंग क्षमता को बढ़ा सकते हैं और गर्मी से राहत पा सकते हैं।
इन टिप्स का करें इस्तेमाल
AC की कूलिंग बढ़ाने के लिए आप नीचे बताई जा रही टिप्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
AC को दें ब्रेक: AC को लगातार पूरा दिन चलाने से कंप्रेसर काफी गर्म हो सकता है जिसकी वजह से कूलिंग कम हो सकती है। इसलिए लगातार पूरा दिन AC चलाने से बचें। 1 घंटा AC चलाने के बाद उसे 15-20 मिनट के लिए बंद कर दें।
AC का फिल्टर: अगर AC के फिल्टर में धूल-मिट्टी जमा हो जाए तो इसकी वजह से भी आपके AC की कूलिंग क्षमता कम हो सकती है। इसीलिए समय-समय पर AC को चेक करते रहें और अगर फिल्टर में धूल मिट्टी जमा हो गई हो तो इसे साफ जरूर कर लें। इससे आपके AC की कूलिंग क्षमता बढ़ती है।
नियमित तापमान: AC का तापमान बार-बार घटाएं या बढाएं नहीं। AC को एक नियमित तापमान पर ही चलाएं इससे AC के कंप्रेसर पर बार-बार दबाव कम ज्यादा नहीं होता और AC बेहतर कूलिंग प्रदान करता है।
पर्दों का इस्तेमाल: खिड़की और दरवाजों से कमरे के भीतर धूप आती है और कमरे में मौजूद ठंडी हवा को गर्म करती हैं। इसीलिए खिड़की और दरवाजों पर पर्दों का इस्तेमाल जरूर करें। धूप कमरे में नहीं आती है तो इसकी वजह से कमरे में मौजूद हवाएं ठंडी बनी रहती हैं और कमरे की कूलिंग बरकरार रहती है।
AC के साथ पंखा: बेहतर कूलिंग के लिए आप AC के साथ पंखे का इस्तेमाल कर सकते हैं लेकिन ध्यान रहे, पंखे को बहुत तेज स्पीड पर न चलाएं। इससे AC की हवा पंखे की हवा से टकराती है और ठंडी हवा पूरे कमरे में नहीं फैल पाती जिससे कि कमरा ठंडा नहीं हो पाता है। पंखे को भी नियमित तौर पर आराम जरूर दें। पंखे की मोटर गर्म हो जाए तो यह गर्म हवा फेंकती है जिससे AC की कूलिंग कम हो जाती है।
लीकेज चेक करें: AC कमरे की हवा को ठंडा करके बाहर की तरफ फेंकता है। इस ठंडी हवा का कमरे में रहना जरूरी है। अगर कमरे के दरवाजे या खिडकियों में थोड़ी जगह हो जहां से यह ठंडी हवा बाहर निकल रही हो तो इससे कमरे की कूलिंग कम होती है। इसीलिए कमरे में मौजूद खिडकियों और दरवाजों में मौजूद लीकेज को कवर कर दें। इससे AC की कूलिंग कमरे में बनी रहती है।
