आज यानी 1 अप्रैल 2026 से देश में कई चीजें बदल रही हैं। इनकम टैक्स से लेकर यूपीआई पेमेंट और बिजली बिल तक के नियमों में बड़ा बदलाव होने जा रहा है, लेकिन एक बड़ा बदलाव जो आज से होने वाला था, उसे एक महीने के लिए टाल दिया गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक केंद्र सरकार ने देशभर में कैशलेस टोल सिस्टम लागू करने की योजना को फिलहाल टाल दिया है। पहले इसे 1 अप्रैल से लागू किया जाना था, लेकिन अब यह व्यवस्था 1 मई से शुरू होगी। इस बदलाव का उद्देश्य टोल कलेक्शन सिस्टम को और अधिक सुचारु बनाना है।
नकद भुगतान पर लगेगा पूरी तरह रोक
नई व्यवस्था लागू होने के बाद टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। वाहन चालकों को अब डिजिटल माध्यमों जैसे फास्टैग, यूपीआई या क्यूआर कोड के जरिए ही भुगतान करना होगा। इससे टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम और समय की बर्बादी में कमी आएगी।
गलत कटौती पर मिलेगा तुरंत रिफंड
सरकार ने टोल भुगतान से जुड़ी शिकायतों को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है। यदि किसी वाहन से गलत तरीके से टोल शुल्क कट जाता है, तो उसका रिफंड 48 घंटे के भीतर वापस किया जाएगा। साथ ही, देरी होने पर संबंधित एजेंसी पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है।
नई गाइडलाइन से बढ़ेगी पारदर्शिता
सड़क परिवहन मंत्रालय की नई गाइडलाइंस के तहत टोल वसूली प्रक्रिया को और पारदर्शी और आसान बनाया जाएगा। डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं देने पर जोर दिया गया है।
यात्रियों को होगा सीधा फायदा
इस नई प्रणाली के लागू होने से वाहन चालकों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और सफर अधिक सुगम होगा। साथ ही, कैशलेस भुगतान से लेनदेन भी सुरक्षित और तेज होगा, जिससे पूरे सिस्टम में सुधार देखने को मिलेगा।
