यूटिलिटी

हवाई जहाज में कुत्ता-बिल्ली ले जाने के क्या हैं नियम, जानिए एयरलाइन की पेट पॉलिसी

Flying with Pets: भारत में एयर इंडिया और अकासा एयर जैसी एयरलाइंस पालतू जानवरों को विमान में ले जाने की अनुमति देती हैं। लेकिन डॉगी या बिल्ली को फ्लाइट में ले जाना केवल टिकट बुक करने जैसा सरल नहीं है। इसके लिए वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट से लेकर फिट-टू-फ्लाई फिटनेस टेस्ट तक कई कड़े नियमों का पालन करना पड़ता है।

Image

हवाई जहाज में पालतू जानवर ले जाने के नियम (Photo: iStock)

Flying with Pets: बहुत से लोग हवाई जहाज में अपने पालतू कुत्ते या बिल्ली (Pet) के साथ ट्रैवल करना पसंद करते हैं। हालांकि, पेट के साथ ट्रैवल को लेकर कुछ जरूरी शर्तों और नियमों का पालन किया जाना जरूरी है। इसी कड़ी में नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से डीजीसीए के माध्यम से भारतीय विमानन में यात्री सुविधा को मजबूत बनाते कुछ निर्देश जारी किए हैं। सरकार का कहना है कि एयरलाइंस को पालतू जानवरों की ढुलाई के लिए स्पष्ट और पारदर्शी नीतियां बनानी होंगी। हालांकि, कुछ एयरलाइंस पेट्स के साथ ट्रैवलिंग को लेकर अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर जानकारी देती हैं। अगर आप भी अपने पेट के साथ हवाई जहाज से यात्रा करने का प्लान बना रहे हैं तो आप अपनी स्पेसिफिक एयरलाइन की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी को चेक कर सकते हैं।

उदाहरण के तौर पर अगर आप Air India की फ्लाइट लेने जा रहे हैं तो आप अपने साथ पेट के रूप में केवल कुत्ते और बिल्ली को ही साथ ले जा सकते हैं।

वजन और यात्रा का नियम

  • Air India की फ्लाइट में अगर पालतू जानवर (केनल सहित) 10 किलो तक है, तो उसे केबिन (आपके साथ सीट के नीचे) में ले जाया जा सकता है।
  • 10 से 32 किलो तक के पालतू जानवर को चेक-इन बैगेज या कार्गो में भेजा जाता है।
  • 32 किलो से ज्यादा वजन होने पर उसे केवल कार्गो के रूप में ही ले जाया जा सकता है।

पेट को कहां बैठाया जाएगा

इकोनॉमी क्लास में पेट को आमतौर पर आखिरी पंक्ति (लास्ट रो) की आइल सीट के पास रखा जाता है, ताकि यात्रियों और क्रू को सुविधा बनी रहे। साथ ही, अगर एक ही केबिन में एक से अधिक पालतू जानवर यात्रा कर रहे हों तो उनके बीच कम से कम पांच पंक्तियों का अंतर रखना जरूरी होता है, जिससे सुरक्षा और आराम दोनों सुनिश्चित हो सकें।

पेट के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट

हवाई यात्रा के लिए पालतू जानवर के पास ये डॉक्यूमेंट होना जरूरी है:

  • वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट (खासतौर पर रैबीज)
  • हेल्थ या फिटनेस सर्टिफिकेट
  • पेट पासपोर्ट
  • अन्य जरूरी फॉर्म और पहचान दस्तावेज

एक फ्लाइट में कुल तीन पालतू जानवर

अकासा एयर (Akasa Air) की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, प्लेन में पालतू जानवर केवल 3 महीने या उससे अधिक उम्र के कुत्ते और बिल्ली के लिए यात्रा कर सकते हैं। एक फ्लाइट में कुल तीन पालतू जानवर की अनुमति है। दो को केबिन में और एक को कार्गो कम्पार्टमेंट में रखा जा सकता है। वहीं, पालतू जानवर की यात्रा की बुकिंग कम से कम 24 घंटे पहले करनी अनिवार्य है। इसके अलावा, पालतू जानवर के लिए वैलिड वैक्सीनेशन और हेल्थ सर्टिफिकेट पंजीकृत वेट से यात्रा से 72 घंटे के भीतर प्राप्त करना जरूरी है।

प्रेग्नेंट या बीमार जानवर नहीं कर सकते यात्रा

Air India की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, हवाई यात्रा के लिए पालतू जानवर की उम्र कम से कम 8 सप्ताह (8+ weeks) होना जरूरी है। गर्भवती (प्रेग्नेंट) या बेहोशी की दवा (sedated) दिए गए पालतू जानवरों को यात्रा की अनुमति नहीं होती। साथ ही, आमतौर पर एक यात्री केवल एक ही पालतू जानवर के साथ यात्रा कर सकता है और उसे एक सॉफ्ट केनल (बैग/क्रेट) में रखना होता है, जो आसानी से सीट के नीचे फिट हो सके।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article