कहीं स्टेशन के एंट्री गेट पर न रोक दिए जाएं आप! Delhi Metro में भारी सामान ले जाने से पहले चेक करें नियम
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Feb 10, 2026, 11:46 AM IST
DMRC Luggage Rules: दिल्ली मेट्रो में ट्रैवल करते हैं तो ये जानकारी आपके लिए बेहद काम की साबित होने वाली है। दिल्ली मेट्रो में भारी-भरकम सामान के साथ एंट्री करते ही आप गेट पर ही रोक दिए जा सकते हैं। ऐसा आपके साथ न हो, इसके लिए नियमों की सही जानकारी होना जरूरी है।
मेट्रो में कितना भारी सामान ले जा सकते हैं (Photo: iStock)
DMRC Luggage Rules: क्या आप जानते हैं दिल्ली मेट्रो और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन (Airport Express Line) नेटवर्क में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए लगेज नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। जी हां, सही जानकारी न होने के कारण आपको मेट्रो में एंट्री लेने के साथ ही परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। आपके साथ ऐसा न हो, इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के लगेज नियमों को पहले ही चेक कर लेना चाहिए।
DMRC की ओर से सामान्य लाइन और Airport Express Line के लगेज नियम थोड़े बहुत अलग हैं-
DMRC की सामान्य लाइन में लगेज नियम
DMRC के सामान्य मेट्रो नेटवर्क में यात्रियों को एक बैग ले जाने की अनुमति है। यह बैग व्यक्तिगत सामान के लिए होना चाहिए और इसका अधिकतम आकार 80 सेंटीमीटर x 50 सेंटीमीटर x 30 सेंटीमीटर होना चाहिए। इसके अलावा, इस बैग का कुल वजन 25 किलोग्राम से अधिक नहीं होना चाहिए। DMRC में बंडल (bundles) या बड़े पैकेज ले जाना मना है। इसका मकसद यात्रियों के लिए सुरक्षा बनाए रखना और ट्रेन में भीड़ को नियंत्रित करना है।
Airport Express Line में लगेज नियम
दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नियम थोड़े अलग हैं। इस लाइन में यात्रियों को दो बैग ले जाने की अनुमति है। जिसके लिए प्रत्येक बैग का अधिकतम आकार 90 सेंटीमीटर x 75 सेंटीमीटर x 45 सेंटीमीटर तक हो सकता है और कुल वजन 32 किलोग्राम तक सीमित है। जैसा कि सामान्य लाइन में है, यहां भी बंडल या असामान्य आकार के पैकेज की अनुमति नहीं है।
इन बातों का रखें खास ध्यान
बैग का आकार और वजन
यात्रा से पहले अपने बैग का आकार और वजन जांच लें। इससे स्टेशन पर अनावश्यक समय बर्बाद नहीं होता और आप आसानी से ट्रेन में सफर कर सकते हैं।
बंडल या अधिक सामान
DMRC और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन में बंडल या ढेर सारे सामान ले जाने की अनुमति नहीं है। इसलिए पैकिंग करते समय केवल आवश्यक और सही आकार का सामान ही रखें।
दो बैग की सुविधा का फायदा
एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन में यात्रियों को दो बैग ले जाने की अनुमति है। इसका सही तरीके से इस्तेमाल करें ताकि आप अपने व्यक्तिगत और जरूरी सामान को आराम से लेकर जा सकें।
सुरक्षित पैकिंग करें
सुरक्षा जांच और ट्रेन में आरामदायक सफर के लिए अपने बैग को साफ-सुथरा और स्पष्ट रूप से पैक करें। इससे बैग को आसानी से जांचा जा सकता है और यात्रा परेशानी मुक्त रहती है।
