दशहरा, दिवाली और छठ पूजा के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत दी है। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने कई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का ऐलान किया है। ये ट्रेनें दिल्ली, आनंद विहार, चंडीगढ़, वाराणसी समेत कई शहरों से उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों के लिए चलाई जाएंगी। इससे दिल्ली-NCR, नोएडा, गुरुग्राम और आसपास रहने वाले यूपी-बिहार के लाखों लोगों को घर जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
14 से ज्यादा रूट पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक ये स्पेशल ट्रेनें सितंबर से नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों पर संचालित होंगी। इनमें आनंद विहार टर्मिनल, नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और दिल्ली जंक्शन से पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, जोगबनी, सीतामढ़ी, कानपुर और अन्य शहरों के लिए ट्रेनें शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए कई ट्रेनों को लखनऊ, बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, हाजीपुर और दूसरे प्रमुख स्टेशनों पर स्टॉपेज दिया गया है।
दिल्ली से बिहार जाने वालों को बड़ी राहत
बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए आनंद विहार से पाटलिपुत्र के बीच स्पेशल ट्रेन 04096 चलाई जाएगी। इस रूट पर अधिकतम 120 ट्रिप निर्धारित की गई हैं। ट्रेन 1 अक्टूबर से 30 नवंबर तक चलेगी। आनंद विहार से यह ट्रेन रात 12:05 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात करीब 11 बजे पाटलिपुत्र पहुंचेगी। इसके अलावा आनंद विहार से मुजफ्फरपुर, जोगबनी और दिल्ली जंक्शन से सीतामढ़ी के लिए भी स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। इससे छठ के दौरान बिहार जाने वाले यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।
यूपी के यात्रियों के लिए भी स्पेशल ट्रेनें
उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए नई दिल्ली-कानपुर और आनंद विहार-कानपुर रूट पर भी अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। नई दिल्ली-कानपुर रूट पर 98 ट्रिप और आनंद विहार-कानपुर रूट पर 72 ट्रिप निर्धारित की गई हैं।
| ट्रेन नंबर | रूट | चलने की अवधि | प्रस्थान |
|---|---|---|---|
| 04209/04210 | वाराणसी-दिल्ली | 2 अक्टूबर–28 नवंबर | 22:15 / 18:50 |
| 04213/04214 | अयोध्या कैंट-आनंद विहार | 1 अक्टूबर–30 नवंबर | 18:20 / 09:00 |
| 04512/04511 | चंडीगढ़-पटना | 1 अक्टूबर–27 नवंबर | 23:35 / 23:15 |
| 04616/04615 | फिरोजपुर कैंट-पटना | 6 अक्टूबर–25 नवंबर | 12:00 / 20:20 |
| 02456/02455 | नई दिल्ली-कानपुर | 7 सितंबर–30 नवंबर | 07:45 / 15:00 |
| 04014/04013 | आनंद विहार-लौकहा बाजार | 16 सितंबर–30 नवंबर | 15:40 / 21:30 |
| 04227/04228 | वाराणसी-चंडीगढ़ | 1 अक्टूबर–30 नवंबर | 11:05 / 06:00 |
| 04008/04007 | आनंद विहार-जोगबनी | 10 अक्टूबर–8 नवंबर | 08:30 / 18:30 |
| 04028/04027 | आनंद विहार-मुजफ्फरपुर | 13 अक्टूबर–25 नवंबर | 09:15 / 06:15 |
| 04010/04009 | दिल्ली जंक्शन-सीतामढ़ी | 15 अक्टूबर–21 नवंबर | 23:05 / 00:45 |
| 02458/02457 | आनंद विहार-कानपुर | 8 सितंबर–29 नवंबर | 08:20 / 15:00 |
| 04314/04313 | ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर | 4 अक्टूबर–30 नवंबर | 15:20 / 13:15 |
| 04096/04095 | आनंद विहार-पाटलिपुत्र | 1 अक्टूबर–30 नवंबर | 00:05 / 00:45 |
नई दिल्ली से कानपुर जाने वाली स्पेशल ट्रेन 02456 सुबह 7:45 बजे रवाना होकर दोपहर 1:15 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। वहीं कानपुर से नई दिल्ली के लिए ट्रेन 02455 दोपहर 3 बजे चलेगी और रात 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
चंडीगढ़, ऋषिकेश और वाराणसी से भी विकल्प
रेलवे ने चंडीगढ़-पटना और पटना-चंडीगढ़ के बीच भी स्पेशल ट्रेन 04512/04511 चलाने का फैसला किया है। इसके अलावा योग नगरी ऋषिकेश और मुजफ्फरपुर के बीच 04314/04313 ट्रेन चलेगी। वाराणसी-दिल्ली और वाराणसी-चंडीगढ़ के बीच भी अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
वाराणसी-दिल्ली स्पेशल ट्रेन 04209 रात 10:15 बजे वाराणसी से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:45 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में 04210 दिल्ली से शाम 6:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
आनंद विहार से जोगबनी और मुजफ्फरपुर के लिए ट्रेन
पूर्वोत्तर बिहार जाने वालों के लिए आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल ट्रेन 04008 सुबह 8:30 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे जोगबनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04007 शाम 6:30 बजे जोगबनी से रवाना होकर अगले दिन सुबह 3 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
वहीं आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल ट्रेन 04028 सुबह 9:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में 04027 मुजफ्फरपुर से सुबह 6:15 बजे चलकर अगले दिन सुबह 5:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
टिकट बुकिंग में न करें देरी
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे त्योहारों के दौरान आखिरी समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द टिकट बुक करें। इन स्पेशल ट्रेनों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। यात्री अपनी यात्रा की तारीख और ट्रेन की उपलब्धता जांचकर IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट/ऐप या रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर से टिकट बुक कर सकते हैं। त्योहारी सीजन में टिकटों की मांग काफी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है, इसलिए अगर आप दिवाली या छठ पर दिल्ली-NCR से यूपी या बिहार जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो टिकट बुकिंग में ज्यादा देरी करना परेशानी बढ़ा सकता है।
