Different Name in Government Documents: आज के डिजिटल दौर में आधार कार्ड (Aadhaar Card), पैन कार्ड, पासपोर्ट और बैंक अकाउंट जैसे दस्तावेज किसी भी व्यक्ति की पहचान और फाइनेंशियल एक्टिविटीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। लेकिन कई लोगों के दस्तावेजों में नाम की स्पेलिंग, सरनेम, मिडिल नेम या नाम का क्रम अलग-अलग दर्ज होता है। यह छोटी सी गलती भविष्य में कई बड़ी समस्याओं का कारण बन सकती है। अलग-अलग डॉक्यूमेंट में अलग-अलग नाम होने से कौन-सी परेशानी आ सकती है आइए जानते हैं-
PAN और Aadhaar लिंक करने में आ सकती है दिक्कत
UIDAI के अनुसार आधार को पैन से लिंक करने के लिए दोनों दस्तावेजों में दर्ज जानकारियों नाम, लिंग और जन्म तिथि का मेल होना चाहिए। अगर किसी स्थिति में आधार में दर्ज नाम और पैन में दर्ज नाम पूरी तरह अलग हैं तो आधार-पैन लिंकिंग प्रक्रिया असफल हो जाएगी। ऐसी स्थिति में करदाता को आधार या पैन में से किसी एक के रिकॉर्ड में नाम को सही और एक जैसा करवाने के लिए अपडेट करना होगा। छोटे-मोटे अंतर की स्थिति में OTP आधारित सत्यापन संभव हो सकता है, लेकिन नाम पूरी तरह अलग होने पर लिंकिंग नहीं हो पाती।
बैंक KYC और अकाउंट वेरिफिकेशन में समस्या
बैंक और अन्य वित्तीय संस्थान केवाईसी प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों में दर्ज नाम का मिलान करते हैं। अगर PAN, आधार कार्ड और बैंक खाते में नाम अलग-अलग है, तो KYC अटक सकती है, नया खाता खोलने में देरी हो सकती है या अतिरिक्त दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। कुछ मामलों में बैंक या वित्तीय संस्था यह प्रमाण भी मांग सकती है कि सभी दस्तावेज एक ही व्यक्ति के हैं। नाम में बड़ा अंतर होने पर आवेदन अस्वीकार भी किया जा सकता है।
आयकर रिटर्न और टैक्स संबंधी कार्यों पर असर
PAN आयकर प्रणाली का प्रमुख दस्तावेज है। अगर PAN और अन्य दस्तावेजों में नाम अलग है, तो ई-केवाईसी, टैक्स रिफंड, बैंक अकाउंट वैलिडेशन और अन्य आयकर सेवाओं में परेशानी आ सकती है। नाम में किसी तरह की गड़बड़ी कई बार रिफंड प्रक्रिया और पहचान सत्यापन को प्रभावित करती है।
पासपोर्ट, वीजा और यात्रा से जुड़ी दिक्कतें
पासपोर्ट में दर्ज नाम अगर Aadhaar या PAN से अलग है, तो पहचान सत्यापन के दौरान अतिरिक्त जांच हो सकती है। विदेश यात्रा, वीजा आवेदन या दस्तावेज सत्यापन के समय नाम की एकरूपता बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।
निवेश और वित्तीय उत्पादों में भी आ सकती है बाधा
SEBI के KYC नियमों के तहत निवेश संबंधी दस्तावेजों में नाम का मिलान जरूरी होता जा रहा है। म्यूचुअल फंड, डिमैट अकाउंट और अन्य निवेश उत्पादों में नाम का अंतर आवेदन अस्वीकृत होने या प्रोसेसिंग में देरी का कारण बन सकता है।
नाम अलग-अलग तो क्या करना चाहिए?
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि Aadhaar, PAN, Passport और Bank Account में एक ही नाम, एक जैसी स्पेलिंग और एक जैसा क्रम रखा जाए। अगर किसी दस्तावेज में गलती है तो उसे जल्द से जल्द अपडेट करवा लेना बेहतर होता है। कई मामलों में Aadhaar और PAN के नाम को समान करने के बाद बाकी दस्तावेजों को अपडेट करना आसान हो जाता है।
