क्रिकेट

16 साल बाद भारत वापसी की योजना बना रहे हैं ललित मोदी, फेमा मामले में मिल चुकी है राहत

आईपीएल के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने 16 साल बाद भारत लौटने की बात कही है साल 2009 आईपीएल दक्षिण अफ्रीका मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से बड़ी कानूनी राहत मिलने के बाद वो भारत आने की योजना बना रहे हैं।

Image

ललित मोदी (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व अध्यक्ष ललित मोदी ने बुधवार को कहा कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) से जुड़े 2009 के आईपीएल दक्षिण अफ्रीका मामले में अपीलीय न्यायाधिकरण से बड़ी कानूनी राहत मिलने के बाद वह इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में भारत आने की योजना बना रहे हैं। मोदी ने इस फैसले को 16 साल लंबी कानूनी लड़ाई में अपनी जीत बताया।

जो कहा वो सच साबित हुआ

सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में मोदी ने कहा कि न्यायाधिकरण के फैसले ने आखिरकार इस मामले में उनके रुख के पीछे की सच्चाई को सामने ला दिया है। मोदी ने कहा,'मैं इस फैसले से बहुत खुश हूं। यह सचमुच में मेरे लिए एक शानदार दिन है। मैंने 16 साल तक लड़ाई लड़ी है और मीडिया तथा सभी लोगों से जो कुछ कहता आया हूं, वह आखिरकार सच साबित हुआ है।'

मोदी को अपीलीय न्यायाधिकरण ने दी क्लीन चिट

तस्करी और विदेशी मुद्रा हेरफेर करने वाले (संपत्ति की जब्ती) अधिनियम (साफेमा) के तहत गठित अपीलीय न्यायाधिकरण ने मंगलवार को 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा ललित मोदी और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के अन्य पूर्व अधिकारियों पर लगाए गए प्रमुख जुर्माने को रद्द कर दिया। न्यायाधिकरण ने माना कि संबंधित विदेशी धन प्रेषण (फॉरेन रेमिटेंस) चालू खाते (करंट अकाउंट) लेनदेन थे, जिनके लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की पूर्व अनुमति आवश्यक नहीं थी। साथ ही यह भी कहा गया कि बीसीसीआई द्वारा विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के अनुपालन को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ललित मोदी की नहीं थी।

इस साल के अंत में या अगले साल की शुरुआत में होगी भारत वापसी

2010 में भारत छोड़ने के बाद से विभिन्न जांच के बीच लंदन में रह रहे मोदी ने कहा कि अब यह कानूनी अध्याय समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा,'अब मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहता हूं और भारत लौटने का इंतजार कर रहा हूं। हां, मैं संभवतः इस साल के अंत में या अगले साल की शुरुआत में भारत आऊंगा। अक्टूबर में मेरी बेटी मां बनने वाली है। उम्मीद है कि सब कुछ अच्छा रहेगा और मैं भारत वापस आऊंगा।'

भारत हमेशा रहा दिल के करीब

एक अलग पोस्ट में मोदी ने कहा कि लंबे समय तक विदेश में रहने के बावजूद भारत हमेशा उनके दिल के करीब रहा है। उन्होंने लिखा,'भारत हमेशा मेरी पहचान का हिस्सा रहा है। कानूनी प्रक्रिया अपने निष्कर्ष तक पहुंच चुकी है और मैं उसका सम्मान करता हूं। मैं फिर से अपने देश जाने, समय-समय पर पुराने दोस्तों से मिलने और हर संभव सकारात्मक तरीके से योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।' मोदी (62 वर्ष) ने यह भी स्पष्ट किया कि उनका स्थायी निवास लंदन ही रहेगा। उन्होंने लिखा,'मेरा घर लंदन में ही है और मैं वहीं रहना जारी रखूंगा, लेकिन भारत के लिए मेरे दिल की धड़कन कभी नहीं रुकी।'

टूर्नामेंट के हितों की रक्षा करना था उद्देश्य

आईपीएल के सूत्रधार माने जाने वाले मोदी ने कहा कि 2009 की पूरी घटना के दौरान उनके सभी फैसलों का उद्देश्य केवल टूर्नामेंट के हितों की रक्षा करना था। उन्होंने कहा,'मुझे सिर्फ आईपीएल की भलाई की चिंता थी और किसी दूसरी चीज की नहीं। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण आईपीएल ही था।'

यह मामला भारत में 2009 के लोकसभा चुनावों के साथ तारीखें टकराने के कारण आईपीएल सत्र को दक्षिण अफ्रीका स्थानांतरित किए जाने से जुड़ा था। ईडी ने आरोप लगाया था कि इस टूर्नामेंट से जुड़े विदेशी मुद्रा लेन-देन में फेमा के प्रावधानों का उल्लंघन हुआ था। हालांकि अपीलीय न्यायाधिकरण ने इन आरोपों के मुख्य आधार को खारिज करते हुए ललित मोदी और अन्य अधिकारियों को राहत प्रदान की।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article