यूटिलिटी

ATM से पैसा निकालना हुआ महंगा, SBI के बाद अब इस बैंक ने भी बढ़ाए चार्जेज

नए बदलावों का सबसे ज्यादा असर उन रेगुलर सेविंग अकाउंट होल्डर्स पर पड़ेगा, जो हर महीने ATM ट्रांजैक्शन की फ्री लिमिट का इस्तेमाल करते हैं। बैंक के अपने ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन की संख्या 6 से घटकर 5 होने के कारण अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर चार्ज लगने की संभावना बढ़ गई है।

Image

दूसरे बैंक के ATM पर कितने फ्री ट्रांजैक्शन?

अगर आपका अकाउंट केनरा बैंक (Canara Bank) में है और आप ATM से कैश निकालते हैं, बैलेंस चेक करते हैं या दूसरी ATM सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है। Canara Bank ने 1 सितंबर 2026 से ATM ट्रांजैक्शन से जुड़े चार्ज में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत रेगुलर सेविंग अकाउंट होल्डर्स के लिए बैंक के अपने ATM पर फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा घटा दी गई है। वहीं, फ्री लिमिट खत्म होने के बाद कुछ ट्रांजैक्शन पर ज्यादा शुल्क देना होगा।

अब Canara Bank ATM पर 5 फ्री ट्रांजैक्शन

Canara Bank के रेगुलर सेविंग बैंक अकाउंट होल्डर्स को अब बैंक के अपने ATM पर एक कैलेंडर महीने में 5 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे। पहले यह सीमा 6 ट्रांजैक्शन की थी। इस लिमिट में फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल दोनों तरह के ट्रांजैक्शन शामिल हैं।

हालांकि, वरिष्ठ नागरिकों को राहत दी गई है। Senior Citizens को Canara Bank के ATM पर एक महीने में 8 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा पहले की तरह मिलती रहेगी। फ्री लिमिट पूरी होने के बाद किए गए अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर बैंक के निर्धारित चार्ज लागू होंगे।

कैश निकालने पर अब देना होगा ₹23 + GST

फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट खत्म होने के बाद Canara Bank ATM से कैश निकालने पर अब ज्यादा शुल्क देना होगा। बैंक ने फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन का चार्ज ₹20 + GST से बढ़ाकर ₹23 + GST प्रति ट्रांजैक्शन कर दिया है।

इसमें कैश निकासी के साथ ICCW यानी UPI Cash Withdrawal जैसी सेवाएं भी शामिल हैं। यानी फ्री लिमिट खत्म होने के बाद इन सेवाओं का इस्तेमाल करने पर हर ट्रांजैक्शन के लिए ₹23 और उस पर लागू GST देना होगा।

नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन का चार्ज नहीं बदला

बैंक ने नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन के शुल्क में बदलाव नहीं किया है। फ्री लिमिट खत्म होने के बाद कुछ बैलेंस इंक्वायरी या अन्य नॉन-कैश सेवाओं के लिए ₹5 + GST प्रति ट्रांजैक्शन का चार्ज लागू रहेगा। ₹23 + GST का नया शुल्क इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के तहत बैंक निर्धारित फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट के बाद अधिकतम ₹23 प्रति ट्रांजैक्शन, साथ में लागू टैक्स, चार्ज कर सकते हैं।

बैलेंस कम होने पर ATM ट्रांजैक्शन फेल हुआ तो भी चार्ज

Canara Bank ने अपर्याप्त बैलेंस के कारण ATM ट्रांजैक्शन फेल होने पर लगने वाले शुल्क में भी बदलाव किया है। फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट पार करने के बाद अगर खाते में पर्याप्त रकम नहीं होने के कारण ATM ट्रांजैक्शन असफल होता है तो अब ₹23 + GST चार्ज देना होगा।

पहले यह शुल्क ₹17 + GST था। बैंक के नए सर्विस चार्ज शेड्यूल के मुताबिक यह शुल्क Canara Bank के ATM के साथ-साथ दूसरे बैंकों के ATM पर लागू होने वाले संबंधित ट्रांजैक्शन पर भी लागू हो सकता है।

दूसरे बैंक के ATM पर कितने फ्री ट्रांजैक्शन?

Canara Bank के डेबिट कार्ड से दूसरे बैंकों के ATM का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए फ्री ट्रांजैक्शन की सीमा लोकेशन पर निर्भर करती है। मेट्रो शहरों में दूसरे बैंक के ATM पर एक महीने में 3 फ्री ट्रांजैक्शन मिलते हैं, जबकि नॉन-मेट्रो शहरों में 5 फ्री ट्रांजैक्शन की सुविधा है। इसके बाद किए गए ट्रांजैक्शन पर लागू शुल्क देना पड़ सकता है।

Green PIN Regeneration चार्ज हुआ कम

ATM से जुड़े बदलावों में ग्राहकों को एक राहत भी मिली है। Canara Bank ने फ्री लिमिट से ज्यादा Green PIN Regeneration के लिए लगने वाला चार्ज घटा दिया है। यह शुल्क पहले ₹23 + GST था, जिसे अब घटाकर ₹5 + GST कर दिया गया है। यानी इस सर्विस का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को पहले के मुकाबले कम शुल्क देना होगा।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article