भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) की ओर से हाल ही में घरेलू एलपीजी ग्राहकों के लिए एक नया 10 किलोग्राम क्षमता वाला सिलेंडर Bharatgas Lite ZIP लॉन्च किया गया है। यह फाइबर कंपोजिट (Composite) एलपीजी सिलेंडर है, जो अब तक इस्तेमाल हो रहे सिलेंडर की तुलना में वजन में हल्के और सुरक्षित हैं। कंपनी का मानना है कि यह नया सिलेंडर मॉडर्न परिवारों, छोटे घरों और तेज जीवनशैली वाले ग्राहकों की जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा करेगा।
सामान्य सिलेंडर से कम है वजन
Bharatgas Lite ZIP पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की जगह फाइबर कंपोजिट सामग्री से तैयार किया गया है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह सामान्य गैस सिलेंडर की तुलना में हल्का है। कम वजन होने की वजह से इसे उठाना, एक जगह से दूसरी जगह ले जाना और इस्तेमाल करना काफी आसान हो जाता है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे परिवारों के लिए यह सिलेंडर अधिक सुविधाजनक साबित हो सकता है।
गैस का लेवल आसानी से दिखेगा
इतना ही नहीं, ग्राहकों की सुविधा के लिए इस सिलेंडर में पारदर्शी (Translucent) बॉडी दी गई है। यानी ग्राहक आसानी से चेक कर सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस बची हुई है। इससे अचानक गैस खत्म होने की परेशानी से बचा जा सकता है और समय रहते नया सिलेंडर बुक करवाया जा सकता है।
जंग नहीं लगेगी, सुरक्षा भी बेहतर
फाइबर कंपोजिट तकनीक से बने इस सिलेंडर में जंग लगने की परेशानी नहीं आएगी। पारंपरिक स्टील सिलेंडर समय के साथ जंग खा सकते हैं, लेकिन Bharatgas Lite ZIP को इस समस्या से बचाने के लिए विशेष सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा, कंपनी का दावा है कि यह सिलेंडर बेहतर सुरक्षा मानकों के साथ तैयार किया गया है और सामान्य सिलेंडरों की तुलना में अधिक सुरक्षित है।
फास्ट कनेक्शन और एक्सप्रेस डिलीवरी
BPCL ने Bharatgas Lite ZIP को सिर्फ नए LPG सिलेंडर के रूप में नहीं, बल्कि एक प्रीमियम एलपीजी सेवा के तौर पर पेश किया है। कंपनी ने इसे फ्री ट्रेड एलपीजी बताया है, इसके तहत ग्राहकों को नया गैस कनेक्शन जल्द से जल्द मिलेगा और सिलेंडर की एक्सप्रेस डिलीवरी की सुविधा भी मिलेगी। गैस सिलेंडर लेने की प्रक्रिया भी बेहद आसान है। इसके तहत सामान्य बोर्डिंग प्रोसेस के जरिए कनेक्शन प्राप्त किया जा सकेगा। इतना ही नहीं, कनेक्शनल लेने और बुकिंग के मात्र 4 घंटों के भीतर सिलेंडर की डिलीवरी भी कर दी जाएगी।
कंपनी ने शुरुआत में इस सेवा को 30 शहरों में शुरू किया है। हालांकि, 15 अगस्त 2026 तक इसे 24 राज्यों के 100 से अधिक शहरों में विस्तार देने की योजना बनाई गई है।
किन ग्राहकों को होगा सबसे ज्यादा फायदा?
यह नया 10 किलो सिलेंडर खासतौर पर उन लोगों के लिए काम का साबित होगा, जो छोटे परिवार में रहते हैं, किराए के मकान में रहते हैं, छात्र हैं या सेकेंडरी गैस सिलेंडर रखना चाहते हैं। कम वजन और आसान हैंडलिंग के कारण यह अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के लिए भी बेहतर विकल्प हो सकता है। इसके अलावा, गैस का स्तर दिखाई देने की सुविधा इसे पारंपरिक सिलेंडर से अलग बनाती है। कीमत की बात करें तो इस सिलेंडर की कीमत 4,812 रुपये तय की गई है।
