गर्मी के मौसम में एयर कंडीशनर (AC) का इस्तेमाल काफी बढ़ जाता है। लगातार कई घंटे चलने की वजह से AC पर दबाव भी बढ़ता है। आजकल लगातार AC में खराबी के कारण आग लगने या ब्लास्ट जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, हालांकि AC अचानक फटता नहीं है, बल्कि उससे पहले कई संकेत मिलने लगते हैं। अगर इन संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए तो बड़े हादसे से बचा जा सकता है।
AC फटने से पहले कौन-कौन से संकेत मिलते हैं?
अगर AC से सामान्य से ज्यादा आवाज आने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कंप्रेसर से तेज आवाज, कंपन या बार-बार ऑन-ऑफ होना किसी तकनीकी समस्या का संकेत हो सकता है। इसके अलावा AC से जलने जैसी गंध आना, प्लास्टिक या वायर गर्म होने की महक आना भी खतरे का संकेत है। ऐसी स्थिति में AC को तुरंत बंद कर देना चाहिए। अगर AC की वायरिंग गर्म हो रही है, प्लग या स्विच बोर्ड काला पड़ रहा है या उसमें चिंगारी दिखाई दे रही है, तो यह शॉर्ट सर्किट की वजह बन सकता है।
AC से पानी टपकना भी हो सकता है समस्या का संकेत
आमतौर पर AC से पानी निकलना सामान्य लग सकता है, लेकिन अगर पानी ज्यादा मात्रा में टपक रहा है या इनडोर यूनिट से लीकेज हो रही है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ड्रेनेज पाइप ब्लॉक होने, कॉइल में गंदगी या किसी तकनीकी खराबी के कारण AC ठीक से काम नहीं कर पाता और मशीन पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।
AC में आग लगने का कारण केवल गर्मी नहीं है
कई लोगों को लगता है कि तेज गर्मी की वजह से AC में आग लग जाती है, लेकिन सिर्फ तापमान इसका कारण नहीं होता। AC में आग लगने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। खराब वायरिंग, ढीले कनेक्शन, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव, पुराने पार्ट्स, कंप्रेसर पर ज्यादा दबाव, समय पर सर्विस न होना और गलत तरीके से इंस्टॉलेशन आग लगने की बड़ी वजह बन सकते हैं। गर्मी के मौसम में AC लगातार लंबे समय तक चलता है, जिससे खराब या कमजोर पार्ट्स पर दबाव बढ़ जाता है और समस्या गंभीर हो सकती है।
AC में खराबी दिखे तो क्या करना चाहिए?
अगर AC से अजीब आवाज, जलने की गंध या धुआं दिखाई दे तो तुरंत उसे बंद कर दें। सिर्फ रिमोट से बंद करने के बजाय मेन पावर स्विच या MCB को भी बंद करना बेहतर होता है। ऐसी स्थिति में AC को दोबारा चालू करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। किसी प्रशिक्षित टेक्नीशियन से जांच करवानी चाहिए।
AC में आग लग जाए तो सबसे पहले क्या करें?
अगर AC में आग लग जाए तो सबसे पहले बिजली की सप्लाई बंद करें। MCB या मेन स्विच ऑफ करें। बिजली चालू रहते हुए पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश न करें, क्योंकि इससे करंट लगने का खतरा हो सकता है। अगर आग छोटी है तो इलेक्ट्रिकल फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया जा सकता है। आग तेजी से फैल रही हो तो तुरंत कमरे से बाहर निकलें और फायर ब्रिगेड को सूचना दें।
AC को सुरक्षित रखने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
AC की समय-समय पर सर्विस कराना जरूरी है। फिल्टर की सफाई, वायरिंग की जांच और कंप्रेसर की स्थिति की जांच करवाते रहना चाहिए। AC को बहुत ज्यादा कम तापमान पर लंबे समय तक चलाने से भी मशीन पर दबाव बढ़ सकता है। इसके अलावा हमेशा सही क्षमता वाले AC को ही कमरे के हिसाब से इस्तेमाल करना चाहिए। सावधानी और समय पर मेंटेनेंस से AC न सिर्फ बेहतर परफॉर्म करता है, बल्कि आग जैसी घटनाओं का खतरा भी काफी कम हो जाता है।
