यूटिलिटी

Aadhaar Card होल्डर की मौत हो जाए तो तुरंत करें ये काम, आधार हो जाएगा डिएक्टिवेट

Aadhaar deactivation after death: आप भी आधार कार्ड का इस्तेमाल करते होंगे। क्या आप जानते हैं किसी आधार कार्ड होल्डर की मृत्यु हो जाने पर इस आधार नंबर को डिएक्टिवेट करवाना भी जरूरी है। आधार कार्ड होल्डर की मृत्यु हो जाए तो परिवार के दूसरे सदस्य मृत व्यक्ति की जानकारी देकर इसे डिएक्टिवेट करवा सकते हैं।

Aadhaar Card

Aadhaar deactivation after death (Photo: iStock)

Aadhaar deactivation after death: आधार कार्ड भारतीय नागरिकों की पहचान से जुड़ा एक जरूरी डॉक्यूमेंट है। इस डॉक्यूमेंट का इस्तेमाल आप भी करते होंगे लेकिन क्या आपने कभी सोचा है किसी आधार कार्ड होल्डर की मृत्यु होने पर उसके आधार नंबर का क्या होता होगा। क्या इस व्यक्ति की पहचान का कोई गलत इस्तेमाल तो नहीं करता होगा? क्या यह आधार नंंबर किसी और को तो अलॉट नहीं कर दिया जाता होगा? इन सभी सवालों का जवाब इस आर्टिकल में दे रहे हैं-

मृत व्यक्ति का आधार

केंद्र सरकार के अनुसार, आधार कार्ड होल्डर की मृत्यु हो जाए तो परिवार वालों को मृत सदस्य का आधार कार्ड डिएक्टिवेट करवाना चाहिए। ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि मृत व्यक्ति की पहचान से जुड़ी धोखाधड़ी न हो। इसके अलावा, इस आधार नंबर का इस्तेमाल कल्याणकारी लाभ प्राप्त करने के लिए भी गलत तरीके से न हो इसके लिए आधार नंबर को डिएक्टिवेट करवाना जरूरी है। केंद्र के अनुसार, किसी भी व्यक्ति को आधार नंबर दोबारा अलॉट नहीं किया जाता है।

आधार नंबर डिएक्टिवेट

इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय की ओर से बीते वर्ष नवंबर में दी गई जानकारी के अनुसार, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की ओर से आधार डेटाबेस की निरंतर सटीकता बनाए रखने के लिए राष्ट्रव्यापी सफाई अभियान के तहत मृत व्यक्तियों के 2 करोड़ से अधिक आधार नंबरों को डिएक्टिवेट किया गया है।

कैसे डिएक्टिवेट होगा आधार

मृत व्यक्ति के परिवार के सदस्य को खुद को प्रमाणित करने के बाद पोर्टल पर मृतक व्यक्ति का आधार नंबर और डेथ रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ-साथ उस व्यक्ति के डेमोग्राफिक डिटेल्स भी सबमिट करनी होती हैं। परिवार के सदस्य की ओर से दी गई इस जानकारी को पहले वेरिफाई किया जाता है, जिसके बाद ही मृतक व्यक्ति के आधार नंबर को डिएक्टिवेट करने से जुड़ी आगे की कार्रवाई की जाती है।

मृतक व्यक्तियों का डेटा

यूआईडीएआई भारत के महापंजीयक (आरजीआई), राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम आदि से मृतक व्यक्तियों का डेटा प्राप्त करता है। सभी जानकारियों को सही तरीके से वेरिफाई करने के बाद ही आधार नंबर को डिएक्टिवेट किया जाता है। इसके अलावा, यूआईडीएआई मृतक व्यक्तियों का डेटा प्राप्त करने के लिए वित्तीय संस्थानों और अन्य संस्थाओं के साथ सहयोग करने पर भी विचार कर रहा है।

मृत व्यक्ति का Aadhaar Card ऐसे करें डिएक्टिवेट

  • सबसे पहले https://myaadhaar.uidai.gov.in/ पर विजिट करना होगा।
  • इसके बाद Report death of a family member पर क्लिक करना होगा।
  • इसके बाद ओटीपी के जरिए आधार लॉग-इन करना होगा।
  • अब मृतक की डिटेल्स आधार नंबर , नाम और मौत की तारीख भरनी होगी।
  • अब मृत व्यक्ति के मृत्यु प्रमाण-पत्र जैसे जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें।
  • सबमिट करने के बाद UIDAI वेरिफिकेशन के बाद आधार डिएक्टिवेट कर दिया जाता है।
शिवानी कोटनाला
शिवानी कोटनाला author

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने ... और देखें

End of Article