Bihar Mukhyamantri Udyami Yojana: अगर आप बिहार में रहते हैं और अपना खुद का कारोबार शुरू करना चाहते हैं लेकिन पैसों की कमी के कारण ऐसा नहीं कर पा रहे हैं आपको राज्य सरकार की मुख्यमंत्री उद्यमी योजना (Bihar Mukhyamantri Udyami Yojana) के बारे में जानना चाहिए। बिहार सरकार की यह योजना आपके लिए मददगार हो सकती है। इस योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं और युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ना और उन्हें अपना बिजनेस शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है। इस योजना के तहत बिहार सरकार पात्र आवेदकों को 10 लाख रुपये तक की मदद करती है।
क्या है मुख्यमंत्री उद्यमी योजना?
बिहार सरकार की इस योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग, युवा, महिला और अल्पसंख्यक उद्यमियों के लिए अलग-अलग कैटेगरी बनाई गई हैं। वित्त वर्ष 2024-25 की योजना के अनुसार, कुल 9,247 आवेदकों का चयन किया जाना था। इसमें श्रेणी-ए के लिए 5,000, श्रेणी-बी के लिए 3,500 और श्रेणी-सी के लिए 747 लाभार्थियों का लक्ष्य रखा गया था।
कितनी मिलेगी आर्थिक सहायता?
योजना के तहत चयनित आवेदक को अधिकतम 10 लाख रुपये दिए जाते हैं। इसमें 50 फीसदी यानी अधिकतम 5 लाख रुपये अनुदान के रूप में मिलते हैं। बाकी 5 लाख रुपये ब्याज मुक्त ऋण के रूप में दिए जाते हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में ऋण पर 1 फीसदी ब्याज देना होता है।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदक बिहार का स्थायी निवासी होना चाहिए। उसकी उम्र 18 से 50 साल के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता कम से कम 10+2, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा या समकक्ष होनी चाहिए। व्यवसाय प्रोपराइटरशिप, पार्टनरशिप, एलएलपी या प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में होना चाहिए। प्रोपराइटरशिप का कारोबार आवेदक के निजी पैन पर होना जरूरी है।
कौन-से बिजनेस शुरू कर सकते हैं?
इस योजना में आटा, मसाला, तेल मिल, बेकरी, होटल, ढाबा, सिलाई, बुटीक, नोटबुक निर्माण, मेडिकल जांच घर, साइबर कैफे, ऑटो गैराज, प्लास्टिक उत्पाद, इलेक्ट्रिक स्विच और सोलर से जुड़े कारोबार जैसे कई विकल्प शामिल हैं।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
आवेदन के लिए मैट्रिक प्रमाणपत्र, इंटरमीडिएट या समकक्ष योग्यता का प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, दिव्यांगता प्रमाणपत्र , पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर की जरूरत होगी।
कैसे करें आवेदन?
आवेदक बिहार उद्यमी पोर्टल [https://udyami.bihar.gov.in/](https://udyami.bihar.gov.in/) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन जिलावार लक्ष्य और कंप्यूटराइज्ड रैंडमाइजेशन के आधार पर होता है। इसके बाद दस्तावेजों की जांच कर अंतिम चयन किया जाता है।
किस्तों में मिलती है राशि
चयनित आवेदकों को पहले चरण में छह दिन की ट्रेनिंग दी जाती है। इसके बाद पहली किस्त जारी होती है। परियोजना की प्रगति और खर्च का उपयोगिता प्रमाणपत्र जमा करने पर दूसरी और तीसरी किस्त मिलती है। इसलिए आवेदन से पहले योजना की शर्तें और परियोजना से जुड़े नियम ध्यान से पढ़ना जरूरी है।
