Thailand Tourism: अगर आप फॉरेन ट्रिप का प्लान कर रहे हैं तो थाईलैंड जाने के बारे में विचार ना आए ऐसा संभव नहीं है। थाईलैंड भारतीय पर्यटकों की फेवरेट ट्रैवल डेस्टिनेशन बनती जा रही है यही वजह है कि हर साल लाखों की संख्या में भारतीय यहां यात्रा करते हैं। अगर आप पहली बार थाईलैंड यात्रा की योजना बना रहे हैं लेकिन कंफ्यूज हैं कि जाएं या ना जाएं तो यहां कुछ कारण बताए गए हैं जिन्हें जानने के बाद आप भी इस देश की यात्रा का प्लान कर सकते हैं।
शानदार समुद्र तट और द्वीप: दुनियाभर में थाईलैंड के समुद्र तट फेमस हैं। सफेद रेत, नीला पानी और सूरज की रोशनी थाईलैंड के समुद्र तटों को खास बनाती है। फुकेट, क्राबी, को समुई, को फाई फाई यहां के फेमस बीच हैं। गौर करने वाली बात ये है कि परिवार के साथ भी आप बेफिक्र होकर इन समुद्र तट पर चिलआउट कर सकते हैं।
थाई मसाज और स्पा: किफायती दाम में आप थाईलैंड जाकर थाई मसाज और स्पा का लुत्फ उठा सकते हैं। थाईलैंड की पारंपरिक मसाज थाई मसाज दुनिया भर में फेमस है जो शरीर को आराम देने के साथ ही मानसिक तनाव को भी दूर करती है।
बजट-फ्रेंडली ट्रैवल डेस्टिनेशन: होटल, खाना, घूमना थाईलैंड में सबकुछ कम बजट में पर्यटकों को मिलता है। दुनिया के सबसे सस्ते इंटरनेशनल टूर डेस्टिनेशन में थाईलैंड की गिनती होती है। कम बजट में आप शानदार ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
लाजवाब स्ट्रीट फूड: खाने के शौकीन पर्यटकों को थाईलैंड की यात्रा का प्लान जरूर करना चाहिए। थाईलैंड का स्ट्रीट फूड जैसे पद थाई, टॉम यम सूप, ग्रीन करी, और मांगा स्वाद से भरपूर होता है। भारतीय फूड की भी यहां भरमार है। यहां के खाने का स्वाद आपको जीवनभर याद रहेगा।
नाइटलाइफ: थाईलैंड की नाइटलाइफ आपको जीवंतता से रूबरू कराती है। बैंकॉक, पटाया और फुकेट में पर्यटक शानदार नाइटलाइफ को एन्जॉय करने जाते हैं। युवा वर्ग के भारतीय पर्यटक यहां की नाइटलाइफ को काफी ज्यादा एन्जॉय करते हैं। सुरक्षा के लिहाज से भी यहां की नाइटलाइफ खास है यहां आप बिना किसी तनाव के शानदार नाइटलाइफ पूरी रात खुलकर एन्जॉय कर सकते हैं। रूफटॉप बार से लेकर लाइव म्यूजिक शो सबकुछ आपको यहां मिल जाएगा। दोस्तों के साथ कुछ अच्छा टाइम बिताने के लिए अगर आप ट्रिप प्लान कर रहे हैं तो यहां जाना चाहिए।
