यूटिलिटी

बिहार में राशन कार्ड में नया नाम जुड़वाने के लिए क्या करना होगा? घर बैठे ऑनलाइन करें आवेदन, जानें पूरी प्रक्रिया

बिहार में राशन कार्ड में बच्चे, पत्नी या परिवार के नए सदस्य का नाम जुड़वाना है? जानें जरूरी दस्तावेज, ऑनलाइन आवेदन का तरीका और ऑफलाइन प्रक्रिया।

Image

ऑफलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

अगर आपके परिवार में नया सदस्य आया है और उसका नाम राशन कार्ड में नहीं जुड़ा है तो अब उसे सरकारी राशन का लाभ दिलाने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। परिवार में बच्चे का जन्म हुआ हो या शादी के बाद बहू का नाम राशन कार्ड में शामिल कराना हो, इसके लिए आवेदन किया जा सकता है। बिहार सरकार ने राशन कार्ड में नए सदस्यों का नाम जोड़ने और पुराने सदस्यों का नाम हटाने की सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध कराई है। इसके लिए आपको कुछ जरूरी दस्तावेजों की जरूरत होगी। आइए जानते हैं कि बिहार में राशन कार्ड में नया नाम जुड़वाने के लिए कहां आवेदन करना होगा और इसकी पूरी प्रक्रिया क्या है।

राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए कहां करें आवेदन?

बिहार में राशन कार्ड से जुड़े काम खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के तहत किए जाते हैं। इसके लिए राज्य में स्मार्ट PDS 2.0 व्यवस्था का इस्तेमाल किया जा रहा है। विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर राशन कार्ड में नाम जोड़ने, हटाने और दूसरे संशोधन से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी गई है।

इसके लिए आप बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की वेबसाइट epds.bihar.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा RTPS काउंटर या संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कार्यालय से भी प्रक्रिया की जानकारी ले सकते हैं।

राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए जरूरी दस्तावेज

  • परिवार के मौजूदा राशन कार्ड की कॉपी।
  • जिस सदस्य का नाम जोड़ना है, उसका आधार कार्ड।
  • परिवार के मुखिया का आधार कार्ड।
  • निवास प्रमाण पत्र।
  • मोबाइल नंबर।
  • नए सदस्य की पासपोर्ट साइज फोटो (यदि मांगी जाए)।
  • बच्चे का नाम जोड़ने के लिए जन्म प्रमाण पत्र।
शादी के बाद पत्नी या बहू का नाम जोड़ने के लिए विवाह प्रमाण पत्र और मायके के राशन कार्ड से नाम हटने का प्रमाण या सरेंडर सर्टिफिकेट।

ऑनलाइन राशन कार्ड में नाम जोड़ने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका

  • सबसे पहले बिहार खाद्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट खोलें।
  • राशन कार्ड संशोधन या सदस्य जोड़ने से संबंधित विकल्प देखें।
  • उपलब्ध होने पर पोर्टल पर लॉगिन या रजिस्ट्रेशन करें।
  • अपने मौजूदा राशन कार्ड नंबर की मदद से कार्ड की जानकारी खोजें।
  • अब Add Member विकल्प पर क्लिक करें।
  • नए सदस्य का नाम, पिता या पति का नाम, जन्मतिथि, लिंग, आधार नंबर और परिवार के मुखिया से संबंध दर्ज करें।
  • मांगे गए जरूरी दस्तावेज अपलोड करें।
  • सभी जानकारियां जांचने के बाद आवेदन सबमिट कर दें।
  • आवेदन पूरा होने पर मिलने वाली पावती या एप्लिकेशन नंबर सुरक्षित रख लें।

बिहार सरकार के पोर्टल पर स्पष्ट किया गया है कि राशन कार्ड में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का काम अब Smart PDS 2.0 के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। पुराने RCMS और FPSMS पोर्टल पर ये सुविधाएं बंद कर दी गई हैं। इसलिए पुराने RCMS वाले विकल्प नहीं दिखने पर उसी पोर्टल के पुराने लिंक पर आवेदन करने की कोशिश न करें।

ऑफलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

अगर आपको ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी हो रही है या पोर्टल पर नाम जोड़ने का विकल्प नहीं मिल रहा है तो संबंधित प्रखंड के RTPS काउंटर या अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। वहां राशन कार्ड में सदस्य जोड़ने के लिए उपलब्ध आवेदन प्रक्रिया और फॉर्म की जानकारी लें। आवेदन के साथ सभी जरूरी दस्तावेज जमा करें।

आवेदन का स्टेटस कैसे चेक करें?

आवेदन जमा करने के बाद उसकी पावती संख्या अपने पास रखें। इसके जरिए संबंधित विभाग के पोर्टल पर आवेदन की स्थिति पता कर सकते हैं। किसी तरह की परेशानी होने पर बिहार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1800-3456-194 पर संपर्क किया जा सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article