स्पेन के पास समुद्र में भारतीय क्रू वाले एक तेल टैंकर के डूबने की खबर है। ये घटना बुधवार को हुई, हालांकि राहत की बात यह रही कि जहाज के डूबने से पहले ही सभी आठ क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
मंत्री के मुताबिक, टैंकर MT MED AMRE पर सवार सभी आठ भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकालकर स्पेन के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां उनका मेडिकल परीक्षण और उपचार किया जा रहा है।
जहाज डूबने से पहले सभी नाविकों का रेस्क्यू
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस हादसे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जहाज के चालक दल ने टैंकर को छोड़ने का फैसला किया था। इसके बाद सभी आठ भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कुछ समय बाद टैंकर समुद्र में डूब गया।
सोनोवाल ने कहा कि सभी भारतीय क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं और उन्हें चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों का क्रू मैनेजर से संपर्क बना हुआ है, ताकि नाविकों को जरूरी चिकित्सा सहायता और अन्य सुविधाएं मिलती रहें। सरकार उनकी सुरक्षा और सेहत को लेकर स्थिति की निगरानी कर रही है।
होर्मुज जलडमरूमध्य के पास भी भारतीय नाविकों पर हुआ था हमला
इससे पहले 18 नवंबर को फारस की खाड़ी में होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर बढ़ रहे लाइबेरिया के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर MT NAVIG8 MESSI पर प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। इस जहाज पर तीन भारतीय नाविक सवार थे। हमले के बाद तीनों भारतीयों सहित जहाज के सभी क्रू मेंबर्स सुरक्षित बचा लिया गया था।
वहीं, उससे पहले 16 नवंबर को पनामा के झंडे वाले एलपीजी टैंकर MT TARA GAS को भी होर्मुज जलडमरूमध्य में मिसाइल हमले का निशाना बनाया गया था। इस जहाज पर 24 भारतीय सवार थे। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इनमें से 21 भारतीयों को ओमान के खासाब पहुंचाया गया था। दो घायल नाविकों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक नाविक लापता था।
