शहर

मोहब्बत की निशानी या बंदरों की राजधानी! ताजमहल में किसका कब्जा? वीडियो वायरल

आगरा के ताजमहल परिसर में बंदरों के झुंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बंदरों की बढ़ती मौजूदगी से पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। पहले भी बंदरों के हमले में देशी-विदेशी पर्यटक घायल हो चुके हैं।

आगरा : मोहब्बत की निशानी ताजमहल अपनी खूबसूरती के लिए दुनियाभर में मशहूर है, लेकिन इन दिनों यहां बंदरों की बढ़ती मौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर ताजमहल परिसर के गार्डन में बंदरों के झुंड का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें बड़ी संख्या में बंदर स्मारक परिसर में घूमते नजर आ रहे हैं। बंदरों की मौजूदगी से पर्यटकों को परेशानी हो रही है और उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी गेट के आसपास भी बंदरों का जमावड़ा देखा जा रहा है। पर्यटकों से खाने-पीने का सामान छीनने और उन पर हमला करने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। जुलाई 2026 में ताजमहल के पूर्वी गेट के पास एक दक्षिण कोरियाई महिला पर्यटक पर बंदर ने हमला कर दिया था। महिला के हाथ में चोट आई थी। इससे पहले भी बंदरों के हमले में विदेशी और भारतीय पर्यटकों के घायल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

नगर निगम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग

बंदरों की समस्या को लेकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और आगरा नगर निगम की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठ रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, एएसआई ने बंदरों और आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद ताजमहल परिसर और आसपास बंदरों की मौजूदगी बनी हुई है।

विश्व धरोहर स्मारक में हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। सवाल यह है कि ताजमहल जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल को बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे? क्या एएसआई, नगर निगम और वन विभाग मिलकर इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेंगे?

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article