Somnath Mandir Travel Guide in Hindi: इन दिनों पीएम नरेंद्र मोदी के सोमनाथ दौरे की काफी चर्चा हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75वें वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने पहुंचे हैं। उनके इस दौरे के बाद एक बार फिर लोगों के बीच सोमनाथ मंदिर को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। अगर आप ऐसी जगह घूमना चाहते हैं जहां आस्था, इतिहास और प्रकृति तीनों का खूबसूरत मेल देखने को मिले, तो सोमनाथ मंदिर (Somnath Temple) आपके लिए बेहतरीन जगह हो सकती है।
गुजरात के सौराष्ट्र इलाके में अरब सागर के किनारे बना यह मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है। यहां पहुंचते ही समुद्र की ठंडी हवा और मंदिर की भव्यता मन को अलग ही सुकून देती है। यही वजह है कि हर साल लाखों श्रद्धालु और पर्यटक यहां दर्शन करने आते हैं। सोमनाथ सिर्फ धार्मिक जगह नहीं, बल्कि ऐसी लोकेशन है जहां कुछ पल बिताकर मन शांत हो जाता है। अगर आप भी सोमनाथ यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो पहले जान लीजिए यहां कैसे पहुंचना है, कौन-कौन सी जगहें घूमनी चाहिए और यात्रा के दौरान किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
क्यों खास है सोमनाथ मंदिर
सोमनाथ मंदिर को भारत के सबसे प्राचीन शिव मंदिरों में गिना जाता है। कहा जाता है कि इतिहास में कई बार इस मंदिर को नुकसान पहुंचाया गया, लेकिन हर बार इसे फिर से भव्य रूप में बनाया गया। यही वजह है कि यह मंदिर श्रद्धा और विश्वास की मिसाल माना जाता है। मंदिर की वास्तुकला भी लोगों को काफी आकर्षित करती है। समुद्र किनारे खड़ा यह विशाल मंदिर दूर से ही बेहद खूबसूरत दिखाई देता है। शाम के समय यहां होने वाली आरती का नजारा लोगों को भावुक कर देता है।
सोमनाथ मंदिर कैसे पहुंचे
सोमनाथ पहुंचना ज्यादा मुश्किल नहीं है। यहां का सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन वेरावल है, जो मंदिर से कुछ किलोमीटर की दूरी पर मौजूद है। स्टेशन से ऑटो और टैक्सी आसानी से मिल जाती हैं। अगर आप हवाई यात्रा करना चाहते हैं, तो दीव एयरपोर्ट सबसे नजदीक पड़ता है। इसके अलावा अहमदाबाद, राजकोट और जूनागढ़ जैसे शहरों से सड़क मार्ग के जरिए भी सोमनाथ आसानी से पहुंचा जा सकता है। गुजरात के कई शहरों से यहां के लिए बस सेवा भी उपलब्ध रहती है।

सोमनाथ मंदिर ट्रैवल गाइड (PC - Pinterest)
समुद्र किनारे का नजारा बना देता है यात्रा यादगार
सोमनाथ मंदिर की सबसे खास बात इसका समुद्र के बिल्कुल किनारे होना है। मंदिर परिसर से अरब सागर का बेहद सुंदर दृश्य दिखाई देता है। सुबह और शाम के समय यहां का माहौल काफी शांत और मनमोहक लगता है। कई लोग यहां सिर्फ मंदिर दर्शन के लिए नहीं, बल्कि मानसिक शांति महसूस करने भी आते हैं। समुद्र की लहरों की आवाज और मंदिर की घंटियां मिलकर ऐसा माहौल बना देती हैं, जिसे लोग लंबे समय तक भूल नहीं पाते।
आसपास की जगहें भी जरूर घूमिए
अगर आप सोमनाथ जा रहे हैं, तो आसपास की कुछ खास जगहें भी देख सकते हैं। त्रिवेणी संगम यहां की सबसे प्रसिद्ध जगहों में शामिल है। इसके अलावा भालका तीर्थ और गीता मंदिर भी श्रद्धालुओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। थोड़ा समय हो तो दीव बीच भी घूमने जा सकते हैं। यहां का शांत माहौल और समुद्र का खूबसूरत नजारा ट्रिप को और खास बना देता है।
सोमनाथ जाने का सबसे अच्छा समय कौन सा है
सोमनाथ घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च के बीच माना जाता है। इस दौरान मौसम ज्यादा गर्म नहीं होता और यात्रा आरामदायक रहती है। मंदिर में दर्शन के समय सादे और आरामदायक कपड़े पहनना बेहतर माना जाता है। अगर भीड़ से बचना चाहते हैं, तो सुबह जल्दी दर्शन करना अच्छा विकल्प हो सकता है। साथ ही मंदिर परिसर के नियमों का पालन जरूर करें।
