Shimla Tourism Boom: हिमाचल की राजधानी शिमला एक बार फिर अपने पूरे शबाब पर है। बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए देशभर से लोग शिमला का रुख कर रहे हैं। हरियाली, ठंडी हवाएं और पहाड़ी वादियों की दिलकश खूबसूरती पर्यटकों का ध्यान खींच रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो शिमला के स्थानीय होटलों, गेस्ट हाउसों और होमस्टे में इस सप्ताहांत में लगभग 90% बुकिंग हो चुकी है।
जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उतराखण्ड, यूपी और गुजरात से बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला घूमने जा रहे हैं। मॉल रोड, रिज मैदान, लक्कड़ बाजार, कुफरी और नारकंडा जो शिमला के फेमस टूरिस्ट स्पॉट हैं वहां सुबह से देर रात तक चहल-पहल देखने को मिल रही है।
रेस्तरां, कैफे और लोकल दुकानों में ग्राहकों की संख्या में जबरदस्त वृद्धि देखी गई है। गौर करने वाली बात यह है कि हर उम्र के पर्यटक शिमला की ठंडी वादियों का आनंद लेने के लिए यात्रा कर रहे हैं।
बता दें कि लोगों में सोशल मीडिया ने भी शिमला को लेकर दिलचस्पी बढ़ाई है। #ShimlaTrip और #HimachalDiaries जैसे हैशटैग्स इंस्टाग्राम पर जमकर वायरल होते हैं इसके अलावा शिमला की वादियों में घूमते सैलानियों की पोस्ट्स और रील्स भी सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा पॉपुलर हैं।
मॉल रोड, द रिज, वाइसरीगल लॉज, कुफरी, नारकंडा, जाखू मंदिर, ग्रीन वैली, हिमाचल राज्य संग्रहालय, हेरिटेज टॉय ट्रेन राइड, लक्कड़ बाजार यहां के प्रमुख आकर्षण हैं जिन्हें यात्रा के दौरान आप अपनी ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
