यात्रा

राजस्थान वाइल्डलाइफ टूरिज्म, प्रकृति प्रेमियों के लिए खास, केवलादेव नेशनल पार्क ट्रैवल प्लान

Keoladeo National Park: अगर आप किसी खास ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो ये आर्टिकल आपके लिए ही है। केवलादेव बर्ड सेंचुरी, जिसे पहले भरतपुर बर्ड सेंचुरी के नाम से जाना जाता था, राजस्थान के भरतपुर जिले में स्थित है जहां घूमने का प्लान आप कर सकते हैं। परिवार के साथ घूमने के लिए भी ये परफेक्ट डेस्टिनेशन है।

Image

राजस्थान वाइल्डलाइफ टूरिज्म

Rajasthan Wildlife Tourism: यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन ढूंढ रहे हो तो केवलादेव नेशनल पार्क को अपनी ट्रैवल बकेटलिस्ट में शामिल कर सकते हैं। ये वही जगह है जिसे यूनेस्को ने वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा दिया है। यहां 370 से भी ज्यादा तरह के पक्षी मिलते हैं। कुछ यहीं के रहने वाले, तो कुछ हजारों किलोमीटर दूर से सर्दियों में मेहमान बनकर आते हैं। पहले यहां दुनिया के सबसे दुर्लभ प्रवासी पक्षियों में गिने जाने वाले साइबेरियन क्रेन भी दिखते थे, लेकिन पिछले कई सालों से ये नजर नहीं आ रहे। हालांकि, फिर भी यहां का माहौल आपको पूरी तरह से मंत्रमुग्ध कर देगा।

उद्यान के अंदर भगवान शिव का एक प्राचीन मंदिर है, जिसके नाम पर इस पार्क का नाम केवलादेव पड़ा है। ऐसे में अगर आप धार्मिक यात्रा के इच्छुक है तो भी इस नेशनल पार्क की यात्रा आपके लिए बेहद स्पेशल साबित हो सकती है। यहां बगुले, सारस, अलग-अलग तरह की क्रेन और कई खूबसूरत पक्षी सर्दियों में देखने को मिल जाते हैं। अगर आपको बर्ड वॉचिंग का शौक है तो ये जगह किसी जन्नत से कम नहीं। सिर्फ पक्षी ही नहीं, यहां का पूरा इकोसिस्टम काफी खास है। झीलें, घास के मैदान और जलीय जीव सब मिलकर इसे एक संतुलित प्राकृतिक दुनिया बनाते हैं।

पार्क में घूमने के लिए वॉच टावर, साइकिल राइड और गाइडेड टूर जैसी सुविधाएं भी मिल जाती हैं। साथ ही यहां पर्यटकों को प्रकृति और वन्यजीवों के बारे में समझाने के लिए शैक्षणिक प्रोग्राम भी चलते रहते हैं। शहर की भागम-भाग से दूर अगर आप दो पल सुकून के चाहते हैं तो हर हाल में आपको यहां घूमने के लिए जाना ही चाहिए।

प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आप यहां जा सकते हैं। (टिकट खिड़की सुबह 6:30 बजे खुलती है)। प्रवेश शुल्क-भारतीय नागरिकों के लिए लगभग ₹75 से ₹145 और विदेशी पर्यटकों के लिए ₹500 के आसपास है। घूमने का सबसे अच्छा समय अक्टूबर से मार्च माना जाता है क्योंकि इस दौरान मौसम सुखद और सुहावना होता है। सर्दी खत्म होने के ठीक पहले और बहुत ज्यादा गर्मी पड़ने से पहले आप यहां जाने का प्लान कर सकते हैं। छोटे बच्चों के लिए भी ये जगह शानदार है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article