यात्रा

Jaisalmer Desert Festival: कब शुरू हो रहा है मरु महोत्सव? इस बार क्या है खास, जानिए डिटेल में पूरी जानकारी

Jaisalmer Desert Festival: जैसलमेर का मरु महोत्सव साल में एक बार आने वाला ऐसा त्योहार है जो अपने लोक प्रदर्शनों, पारंपरिक संगीत और जैसलमेर की ऐतिहासिक कहानियों के जरिए अपने अतीत को जिंदा कर देता है। आइए जानते हैं जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल की तारीख, क्या है इसका इतिहास और क्या है इस बार यहां खास।

Image

jaisalmer desert festival 2025

Jaisalmer Desert Festival: राजस्थान अपने राजसी घरानों और अद्भुत संस्कृति के लिए जाना जाता है। इन्हीं खूबसूरत विशेषताओं के मेल का शानदार प्रदर्शन होता है, जैसलमेर में। जैसलमेर में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध मरु महोत्सव 2025 को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और ये जल्द ही शुरु होने वाला है। अगर आप भी अपने भागदौड़ भरे जीवन में एक ब्रेक चाहते हैं, तो इससे बेहतर मौका नहीं आने वाला है। तीन दिनों तक चलने वाले इस फेस्टिवल में कई खास कार्यक्रम होने वाले हैं। आइए जानते हैं जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल के बारे में सबकुछ।

कब शुरू हो रहा है जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल (Jaisalmer Desert Festival 2025 Dates)

तीन दिनों तक चलने वाला यह त्योहार सांस्कृतिक उत्सव हिंदू कैलेंडर के अनुसार हर साल माघ महीने के दौरान राजस्थान के जैसलमेर में मनाया जाता है। इस महोत्सव की वजह से पूरा जैसलमेर देसी और विदेशी पर्यटकों से पटा रहता है। इस फेस्टिवल का समापन पूर्णिमा के दिन होता है। इस बार जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल 10 से 12 फरवरी तक चलेगा।

क्या है जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल 2025 की थीम (Jaisalmer Desert Festival 2025 Theme)

इस बार की थीम ‘जॉली जॉयफुल जैसलमेर’ है। इस दौरान लोक कलाकारों के साथ-साथ सूफी संगीत, पंजाबी गीत संगीत, कबीर कैफे बैंड जैसे कई नामी गिरामी ग्रुप्स अपनी परफॉर्मेंस देंगे। इस रेगिस्तानी त्योहार की शुरुआत जैसलमेर किले के सामने एक भव्य परेड से होती है, जिसमें बेहद सजे-धजे ऊंट, घोड़े और लोक कलाकार जैसलमेर की सड़कों पर चलते हैं।

जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल का इतिहास (Jaisalmer Desert Festival History)

जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल की शुरुआत के पीछे एक दिलचस्प कहानी है। किंवदंतियों के अनुसार, भगवान कृष्ण ने एक भविष्यवाणी की थी कि यादव समुदाय का एक नेता त्रिकुटा पहाड़ी पर एक राज्य स्थापित करेगा। साल 1196 में, यादव समुदाय का वंशज माने जाने वाले रावल जैसवाल ने जैसलमेर राज्य की स्थापना की। इस अविश्वसनीय घटना का जश्न मनाने के लिए, जैसलमेर के लोगों ने पूरे राज्य में विशेष कार्यक्रम और उत्सव आयोजित करना शुरू कर दिया। जब यह खबर फैली कि एक प्राचीन भविष्यवाणी सच हो गई है, तो ये उत्सव एक परंपरा में बदल गया। आज यह परंपरा जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल के साथ जारी है, जो हर माघ में आयोजित की जाती है।

कैसे पहुंचें जैसलमेर डेजर्ट फेस्टिवल (How To Reach Jaisalmer Desert Festival)

हवाई जहाज से जाना हो तो, जैसलमेर पहुंचने के लिए नजदीकी हवाई अड्डा उदयपुर में है, जो लगभग 300 किमी दूर है। इसलिए, आपके लिए सबसे अच्छा यही होगा कि आप उदयपुर हवाई अड्डे पर उतरें और बाकी की दूरी सड़क मार्ग से तय करें। अगर सड़क से आना चाहते हैं तो आराम से कार से जा सकते हैं। कार से जाने के लिए जैसलमेर का रास्ता बिलकुल सही है। या आप अपने नजदीकी ISBT से जैसलमेर के लिए बस भी ले सकते हैं। एक सावधानी रखें, अपने पास कुछ गर्म कपड़े जरूर रखें। यहां दिन में तापमान 20 डिग्री के आसपास रहता है और रातें थोड़ी ठंडी होती हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article