यात्रा

हिमाचल की वादियों का यादगार सफर, IRCTC के साथ एक ही पैकेज से घूमें शिमला-मनाली

IRCTC Tour Package: IRCTC अपने ग्राहकों के हिमाचल घूमने का एक शानदार टूर पैकेज लेकर आया है। जिसके जरिए 7 रात और 8 दिन में चंडीगढ़, मनाली और शिमला घूमने का मौका मिलेगा। आगे जानें पैकेज की सभी डिटेल...

Image

हिमाचल घूमने का टूर पैकेज

IRCTC Tour Package: सर्दियों का मौसम शुरू होते ही पहाड़ों की खूबसूरती पर्यटकों को अपनी ओर खींचने लगती है। कहीं बर्फ से ढकी पहाड़ियां, कहीं देवदार के घने जंगल तो कहीं ठंडी हवाओं के बीच चाय की चुस्की लेने का अलग ही आनंद होता है। अगर आप भी इस विंटर सीजन में मुंबई की भागदौड़ भरी जिंदगी से दूर हिमाचल की वादियों में कुछ सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो आपके लिए IRCTC का एक खास टूर पैकेज अच्छा विकल्प हो सकता है। इस पैकेज के जरिए आप चंडीगढ़, शिमला और मनाली की खूबसूरत जगहों की सैर कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसमें ट्रेन से आने-जाने की सुविधा भी शामिल है।

कितने दिन का है टूर पैकेज

IRCTC के इस टूर पैकेज का नाम Scenic Himachal Ex Mumbai है। यह कुल 7 रात और 8 दिन का टूर है, जिसकी शुरुआत मुंबई से होगी। इस यात्रा में मुंबई से चंडीगढ़, फिर मनाली और शिमला की सैर कराई जाएगी। इसके बाद चंडीगढ़ से ट्रेन के जरिए मुंबई वापसी होगी। पैकेज की यात्रा की शुरुआत हर एक गुरुवार को होती है। इसमें कन्फर्म ट्रेन टिकट के साथ होटल में ठहरने और निर्धारित जगहों पर घूमने की व्यवस्था शामिल है।

पैकेज की फुल डिटेल

यात्रा के पहले दिन गुरुवार को दोपहर 12 बजे मुंबई से ट्रेन रवाना होगी। इसके बाद यात्रियों को रात ट्रेन में ही बितानी होगी। दूसरे दिन शुक्रवार को दोपहर करीब 2:15 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद उन्हें होटल ले जाया जाएगा। शाम को यहां रोज गार्डन और रॉक गार्डन घूमने का मौका मिलेगा। रात में चंडीगढ़ के होटल में डिनर और ठहरने की व्यवस्था रहेगी। तीसरे दिन शनिवार को नाश्ते के बाद मनाली के लिए रवाना होना होगा। पहाड़ों के खूबसूरत रास्तों से गुजरते हुए शाम तक मनाली पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां होटल में चेक-इन के बाद डिनर और रात्रि विश्राम होगा।

चौथे दिन रविवार को मनाली की प्रमुख जगहों की सैर कराई जाएगी। इसमें हिडिंबा देवी मंदिर, मनु मंदिर, वशिष्ठ स्नान कुंड, वन विहार और तिब्बती मठ शामिल हैं। शाम को पर्यटक मनाली के मशहूर मॉल रोड और स्थानीय बाजार में खरीदारी कर सकते हैं। सर्दियों में मनाली की ठंडी हवाओं और पहाड़ी नजारों के बीचघूमने का अनुभव इस यात्रा को खास बना सकता है। पांचवें दिन सोमवार को मनाली से शिमला के लिए प्रस्थान होगा। रास्ते में पंडोह डैम और हनोगी माता मंदिर घूमने का अवसर मिलेगा। इसके बाद शिमला पहुंचकर होटल में चेक-इन और रात्रि विश्राम होगा। पहाड़ों के बीच से गुजरने वाला यह सफर भी यात्रा का खूबसूरत हिस्सा रहेगा।

कुफरी से लेकर क्राइस्ट चर्च तक की सैर

छठे दिन मंगलवार को नाश्ते के बाद पर्यटकों को कुफरी ले जाया जाएगा। सर्दियों में कुफरी अपनी बर्फबारी और खूबसूरत पहाड़ी नजारों के लिए खास तौर पर पसंद किया जाता है। हालांकि, बर्फबारी मौसम पर निर्भर करेगी। सातवें दिन बुधवार को सुबह जल्दी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होना होगा। यहां से दोपहर 12:20 बजे मुंबई के लिए ट्रेन मिलेगी। रात ट्रेन में सफर करने के बाद आठवें दिन गुरुवार को दोपहर करीब 2:30 बजे मुंबई पहुंचने के साथ यात्रा समाप्त हो जाएगी।

खाने और ठहरने की व्यवस्था

पैकेज में चंडीगढ़, मनाली और शिमला में होटल में ठहरने की व्यवस्था शामिल है। मनाली और शिमला में निर्धारित दिनों पर नाश्ता और डिनर दिया जाएगा। चंडीगढ़ में डिनर की सुविधा शामिल है। वहीं, ट्रेन यात्रा के दौरान खाने-पीने का खर्च और यात्रा कार्यक्रम में शामिल नहीं किए गए लंच की व्यवस्था पर्यटकों को खुद करनी होगी।

विंटर वेकेशन का बनाएं प्लान

अगर आप सर्दियों में हिमाचल घूमने का प्लान बना रहे हैं और अलग-अलग जगहों पर होटल, ट्रेन टिकट और स्थानीय यात्रा की व्यवस्था खुद नहीं करना चाहते, तो IRCTC का यह पैकेज सुविधाजनक विकल्प हो सकता है। एक ही यात्रा में चंडीगढ़, मनाली और शिमला की सैर करने का मौका मिलता है। हालांकि, यात्रा से पहले पैकेज की कीमत, उपलब्धता, होटल की श्रेणी और बर्फबारी से जुड़ी मौसमी परिस्थितियों की जानकारी IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट से जरूर जांच लें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article