यात्रा

भारत में नाइट सफारी का बना रहे हैं प्लान, जरूर पढ़ें ये टिप्स

night jungle safari: रोमांच की तलाश में इस बार आप नाइट सफारी पर जाने का प्लान कर सकते हैं। नाइट सफारी बेहद मजेदार और शानदार अनुभव देने वाली होती है। हालांकि, कुछ जरूरी बाते हैं जिन्हें नाइट सफारी पर जाने से पहले आपको जरूर जान लेना चाहिए। बच्चों के साथ भी ट्रिप का आप प्लान कर सकते हैं।

Image

भारत में नाइट सफारी

Night Safari India: भारत में यात्रा के दौरान अगर आप रोमांच की तलाश में हैं तो नाइट सफारी का विकल्प आपके लिए परफेक्ट है। हालांकि, नाइट सफारी पर जाने से पहले थोड़ी तैयारी करना बेहद जरूरी होता है। इसके लिए पहले से बफर जोन की अधिकृत सफारी तो बुक करनी ही पड़ती है इसके अलावा भी तमाम चीजें हैं जिसका आपको ध्यान रखना होगा। नाइट सफारी के दौरान जरूरी चेकलिस्ट यहां बताई गई है।

बुकिंग: नाइट सफारी के लिए पहले से परमिट लेना जरूरी होता है। जैसे पेरियार या पेंच नेशनल पार्क के बफर जोन की सफारी राज्य पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट से बुक की जा सकती है।

कपड़े: ऐसे कपड़े पहनें जिनका रंग प्राकृतिक हो, जैसे ऑलिव, ब्राउन या ग्रे, ताकि आप जंगल के माहौल में घुल-मिल सकें। साथ में जैकेट या हल्का गर्म कपड़ा भी रखें क्योंकि रात में हवा ठंडी हो सकती है।

जरूरी सामान: टॉर्च या हेडलैम्प साथ रखें। अगर टॉर्च में लाल फिल्टर हो तो बेहतर होता है क्योंकि इससे जानवर डरते नहीं हैं। इसके अलावा दूरबीन और कम रोशनी में फोटो लेने वाला कैमरा भी काम आ सकता है। मच्छरों से बचने के लिए मच्छर भगाने वाली क्रीम या स्प्रे जरूर रखें, क्योंकि रात में कीड़े-मकौड़े ज्यादा सक्रिय रहते हैं।

सुरक्षा नियम: सफारी शुरू होने से पहले वॉशरूम जरूर इस्तेमाल कर लें, क्योंकि बीच में गाड़ी रोकने की अनुमति नहीं होती। कभी भी वाहन से बाहर ना उतरें और पूरी सफारी के दौरान शांति बनाए रखें।

सही समय चुनें और धैर्य रखें: सूर्यास्त के बाद का समय सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि इसी समय उल्लू, सिवेट और जंगली बिल्लियों जैसे रात में सक्रिय रहने वाले जानवर बाहर निकलते हैं। नाइट सफारी में जानवर देखने के लिए धैर्य बहुत जरूरी होता है। गाइड अक्सर जंगल में जानवरों की आवाज़ या अंधेरे में चमकती आंखों को देखकर उन्हें पहचानते हैं।

टिप्स: अपने होटल को बता दें कि आप नाइट सफारी पर जा रहे हैं, क्योंकि वापस आने में देर हो सकती है। जानवरों को देखने के लिए गाइड की स्पॉटलाइट पर ही भरोसा करें। अपनी तरफ से फ्लैश का इस्तेमाल ना करें।

भारत में नाइट सफारी के प्रमुख स्थान: सतपुड़ा नेशनल पार्क, कान्हा राष्ट्रीय उद्यान, बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान, पेंच राष्ट्रीय उद्यान, पन्ना राष्ट्रीय उद्यान, पेरियार टाइगर रिजर्व (केरल), राजाजी टाइगर रिजर्व (उत्तराखंड) और जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क (उत्तराखंड) भारत में नाइट सफारी के प्रमुख स्थान हैं जहां जाने का आप प्लान कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article