Hawaii Green Beach: अगर आपने अब तक सिर्फ सफेद, सुनहरी या काले रंग की रेत वाले बीच देखे हैं तो हवाई का पापाकोलिया बीच (Papakōlea Beach) आपको पूरी तरह चौंका देगा। पापाकोलिया बीच इस बात का शानदार उदाहरण है कि प्रकृति कितने अनोखे चमत्कार कर सकती है। दुनिया के सबसे दुर्लभ समुद्र तटों में शामिल यह बीच सिर्फ घूमने की जगह नहीं, बल्कि एक प्राकृतिक धरोहर भी है। इसे हरी रेत का बीच भी कहा जाता है क्योंकि यहां की रेत का रंग हरा (ऑलिव ग्रीन) दिखाई देता है। यह कोई कैमरे का कमाल या रोशनी का भ्रम नहीं है, बल्कि यह रंग पूरी तरह प्राकृतिक है। यही वजह है कि यह दुनिया के बेहद दुर्लभ चार ग्रीन सैंड बीचों में शामिल है।
आखिर इस बीच की रेत हरी क्यों है?
पापाकोलिया बीच रेत का हरा रंग ओलिविन (Olivine) नाम के एक खास ज्वालामुखीय खनिज की वजह से है। इस खनिज में आयरन और मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में होते हैं, जिससे इसका रंग हरा दिखाई देता है। जब आप इस बीच पर पहुंचते हैं तो ऐसा लगता है मानो किसी ने पूरी रेत पर हरे रंग की चादर बिछा दी हो।
ज्वालामुखी विस्फोट ने बनाया यह अनोखा बीच
करीब एक हजार साल पहले ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ था। उस समय निकले लावा में बड़ी मात्रा में ओलिविन मौजूद था। समय के साथ समुद्र की लहरें हल्की रेत और मूंगे के टुकड़ों को बहाकर ले गईं, लेकिन भारी होने की वजह से ओलिविन वहीं रह गया। इसी कारण आज इस बीच की रेत हरे रंग की दिखाई देती है।
पापाकोलिया बीच घूमने का सबसे अच्छा समय
अगर आप इस अनोखे बीच को देखना चाहते हैं तो सुबह जल्दी पहुंचना सबसे बेहतर माना जाता है। सुबह मौसम ठंडा रहता है और धूप भी ज्यादा तेज नहीं होती। अगर वीकेंड की बजाय सप्ताह के बीच में जाएं तो भीड़ भी कम मिलेगी और आप इस खूबसूरत नजारे का आराम से आनंद ले पाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
बेहद संवेदनशील जगह
पापाकोलिया बीच जितना खूबसूरत है, उतना ही संवेदनशील भी है। यहां आने वाले पर्यटकों से अपील की जाती है कि वे बीच की रेत या पत्थर अपने साथ यादगार के तौर पर ना ले जाएं। ऐसा करने से यहां का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ सकता है। इसके अलावा, नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है। इसलिए पर्यटकों से उम्मीद की जाती है कि वे अपना कचरा खुद साथ लेकर जाएं और इस प्राकृतिक धरोहर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
यहां पहुंचना आसान नहीं
यहां पहुंचना आसान नहीं है लेकिन नजारा यादगार है। सीधे बीच तक गाड़ी ले जाना बैन है क्योंकि इससे सड़क और आसपास का प्राकृतिक इलाका खराब हो सकता है। यही वजह है कि यहां किराए की गाड़ियों और व्यावसायिक वाहनों को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं होती। अगर आप यहां जाएं तो इसकी खूबसूरती का आनंद लें, लेकिन साथ ही स्थानीय नियमों और पर्यावरण का सम्मान करना भी न भूलें।
