यात्रा

Navratri 2026: नवरात्रि में Delhi-NCR के इन 5 देवी मंदिरों में करें दर्शन, मिलेगा मां दुर्गा का विशेष आशीर्वाद

Famous Devi Temples in Delhi-NCR: नवरात्रि का पावन पर्व आने वाला है, इस बार 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि का प्रारंभ होगा। ऐसे में यदि आप दिल्ली या आसपास के इलाकों में रहते हैं, तो आप इन खास देवी मंदिरों में दर्शन के लिए जा सकते हैं। आइए जानते हैं 5 खास देवी मंदिर...

Image

नवरात्रि में करें इन देवी मंदिरों के दर्शन

Famous Devi Temples in Delhi-NCR: नवरात्रि का पावन पर्व आते ही पूरे देश में भक्ति और आस्था का माहौल बन जाता है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है और भक्त पूरे श्रद्धा भाव से माता रानी की आराधना करते हैं। नवरात्रि के दौरान मंदिरों में जाकर मां के दर्शन करने का प्लान लोग जरूर बनाते हैं। यदि आप भी दिल्ली या आसपास के इलाकों में रहते हैं और माता के दर्शन करना चाहते हैं, तो आपको आज हम दिल्ली-एनसीआर के कुछ प्रसिद्ध देवी मंदिरों के बारे में बताएंगे। जहां नवरात्रि में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। आइए जानते हैं दिल्ली-एनसीआर के कुछ ऐसे मंदिरों के बारे में जहां नवरात्रि के दौरान दर्शन करना बेहद शुभ माना जाता है।

शीतला माता मंदिर, गुरुग्राम

दिल्ली के पास गुरुग्राम में मौजूद शीतला माता मंदिर भक्तों की आस्था का बड़ा केंद्र है। यहां नवरात्रि में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। मान्यता है कि यहां देवी दुर्गा की पूजा मां शीतला के रूप में की जाती है। नवरात्रि के दिनों में यहां सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं। मंदिर परिसर में भक्तों का उत्साह और भक्ति का माहौल देखने लायक होता है।

कालकाजी मंदिर, दिल्ली

दिल्ली के सबसे प्राचीन और प्रसिद्ध शक्तिपीठों में से एक कालकाजी मंदिर नवरात्रि के समय विशेष रूप से सजाया जाता है। यहां मां दुर्गा के स्वरूप मां काली का पूजन किया जाता है। यही वजह है कि नवरात्रि के दौरान यहां लाखों भक्त दर्शन करने आते हैं। इस मंदिर में 9 दिनों तक भजन-कीर्तन, विशेष पूजा और आरती का आयोजन होता है।

नवदुर्गा शक्ति मंदिर, खुर्जा

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में स्थित खुर्जा शहर अपने सिरेमिक उद्योग के लिए पहचान रखता है। इसके साथ ही खुर्जा का नवदुर्गा शक्ति मंदिर भी श्रद्धालुओं के बीच अलग महत्व रखता है। नवरात्रि के दौरान यह मंदिर भक्तों से गुलजार रहता है। यहां माता रानी की एक भव्य प्रतिमा विराजमान है।

अवंतिका देवी मंदिर, आहार

बुलंदशहर जिले के आहार कस्बे में स्थित अवंतिका देवी मंदिर एक प्राचीन और पौराणिक स्थान है। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण से विवाह की कामना लेकर माता रुक्मिणी ने इसी मंदिर में पूजन किया था। यही कारण है कि विवाह की कामना लेकर आने वाले भक्त नवरात्रि में इस मंदिर में दर्शन करते हैं।

झंडेवालान मंदिर, दिल्ली

दिल्ली का प्रसिद्ध झंडेवालान मंदिर भी नवरात्रि के दौरान आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है। यहां मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। इन 9 दिनों में मंदिर में विशेष आरती, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article