यात्रा

घूमने लायक है सिसिली द्वीप, जहां क्रिस्टोफर नोलन ने चुनी The Odyssey की शूटिंग लोकेशन

Odyssey movie location: कम भीड़-भाड़ और आराम से समय बिताना चाहते हैं तो फेविग्नाना आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन हो सकता है। द ओडिसी (The Odyssey) के कुछ हिस्सों को यहां शूट किया गया है।

Image

घूमने लायक है सिसिली द्वीप

Odyssey movie location: हाल ही में रिलीज हुई क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म द ओडिसी (The Odyssey) अपनी खूबसूरत लोकेशन की वजह से सुर्खियों में है। नोलन की फिल्मों में कहानी, विजुअल और कल्पना का ऐसा मेल देखने को मिलता है, जो लोगों को हैरान कर देता है। द ओडिसी फिल्म की शूटिंग के दौरान इटली की खूबसूरत लोकेशन फेविग्नाना आइलैंड (Favignana Island) के बारे में चर्चा तेज हो गई है। ये जगह अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, साफ समुद्र और शांत माहौल के लिए फेमस है।

यहां जाकर आपको लगेगा जैसे आप किसी पोस्टकार्ड की तस्वीर में पहुंच गए हों। तितली के आकार वाला ये खूबसूरत द्वीप इटली के सिसिली (Sicily) इलाके के एगाडी आइलैंड्स (Aegadian Islands) का हिस्सा है। इस द्वीप की सबसे खास बात यह है कि इसका आकार कुछ हद तक तितली जैसा दिखाई देता है। चारों तरफ फैला नीला-फिरोजी समुद्र, पुराने पत्थरों की खदानें और शांत वातावरण इसे बेहद खास बनाते हैं।

यूरोपियन समर का परफेक्ट अनुभव

अगर आप हर दिन कई जगह घूमने और भागदौड़ वाली छुट्टियां पसंद करते हैं तो ये जगह आपके लिए नहीं है। यहां की खूबसूरती धीरे-धीरे महसूस होती है। समुद्र किनारे बैठना, साइकिल से घूमना और शांत माहौल का आनंद लेने का मजा आप यहां ले सकते हैं। यहां आपको यूरोपियन समर का परफेक्ट अनुभव देखने को मिल जाएगा। यहां के खूबसूरत बीच, नीला पानी और पुराने गांवों की गलियां पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। यहां हर कोना इतना खूबसूरत है कि आपको बार-बार तस्वीरें लेने का मन करेगा।

फेविग्नाना कैसे पहुंचें?

फेविग्नाना पहुंचने के लिए सबसे आसान रास्ता इटली के ट्रैपानी पोर्ट से है। यहां से हाइड्रोफॉइल के जरिए करीब 30 मिनट में द्वीप पहुंचा जा सकता है। अगर आप अपनी कार लेकर जाना चाहते हैं तो फेरी की सुविधा भी उपलब्ध है, जिसमें लगभग एक घंटे का समय लगता है। द्वीप पर घूमने के लिए आप पैदल चल सकते हैं या फिर साइकिल और स्कूटर किराए पर ले सकते हैं। यहां साइकिल या स्कूटर से घूमना सबसे लोकप्रिय तरीका है।

फेविग्नाना में घूमने वाली जगहें

कैला रोसा, कैला अजुरा, ब्यू मारिनो, सांता कैटेरिना कैसल कुछ ऐसी जगहे हैं जो आपकी ट्रैवल बकेटिलस्ट में शामिल हो सकते हैं। खाने के शौकीनों के लिए भी ये जगह खास है। यहां आपको शानदार इटालियन और सिसिलियन खाना चखने का मौका मिलेगा। यहां के लोकप्रिय फूड स्पॉट्स में Pane Cunzato और Old Pescheria हैं। इसके अलावा यहां का समुद्री खाना और स्थानीय व्यंजन भी पर्यटकों को काफी पसंद आते हैं।

द ओडिसी में कहां दिखेगा फेविग्नाना?

फिल्म के गोट आइलैंड (Goat Island) वाले हिस्से की शूटिंग फेविग्नाना में की गई है। हालांकि फिल्म में इस जगह को किस तरह दिखाया गया है यह पूरी तरह नोलन की क्रिएटिव सोच का कमाल है। अगर आप इटली घूमने का प्लान बना रहे हैं और भीड़ से दूर किसी खूबसूरत जगह पर समय बिताना चाहते हैं, तो फेविग्नाना आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल होना चाहिए।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article