यात्रा

चीन ने वीज़ा-मुक्त यात्रा का किया विस्तार, 9 से अधिक देशों को बड़ी सौगात; यहां देखें पूरी लिस्ट

चीन ने घूमने-फिरने वालों के लिए बड़ी सौगात पेश की है। चीन ने 8 नवंबर से दक्षिण कोरिया और नॉर्वे सहित 9 नए देशों के नागरिकों के लिए वीज़ा-मुक्त प्रवेश की घोषणा की है। इसके तहत उनके देश में 15 दिनों तक रहने की अनुमति होगी। इस कदम का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और यात्रा को आसान बनाना है।

Image

China announces visa free entry

China Announces Visa Free Entry: पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रा को और भी ज्यादा आसान बनाने के लिए चीन ने बड़ी पहल की है। चीन नौ अतिरिक्त देशों जिनमें दक्षिण कोरिया, नॉर्वे, फिनलैंड, स्लोवाकिया, डेनमार्क, आइसलैंड, अंडोरा, मोनाको और लिकटेंस्टीन शामिल है के नागरिकों के लिए वीजा-मुक्त प्रवेश की घोषणा कर दी है। नई नीति 8 नवंबर से प्रभावी होने वाली है। नई वीजा नीति के तहत, इन देशों के नागरिकों को व्यापार, पर्यटन, पारिवारिक यात्राओं के लिए बिना वीजा के 15 दिनों तक चीन में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।

रिपोर्ट्स की मानें तो वीज़ा छूट कार्यक्रम 31 दिसंबर, 2025 तक लागू रहेगा। वहां पहले से मौजूद वीज़ा-मुक्त कार्यक्रम का टूरिस्ट जमकर लाभ उठा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अकेले इस वर्ष की तीसरी तिमाही में, चीन में 8,186 विदेशी यात्री आए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 48.8 प्रतिशत की महत्वपूर्ण वृद्धि दर्शाता है।

चीन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए स्थानीय परिवहन को और अधिक सुलभ बनाने का भरसक प्रयास कर रहा है। टूरिस्ट के लिए प्रवेश को सुव्यवस्थित करने के लिए अतिरिक्त उपाय भी किए गए हैं। निरीक्षण के लिए कम प्रतीक्षा समय और विदेशी बैंक कार्ड का उपयोग करने का विकल्प लाया गया है जिससे यात्रा करना और भी आसान हो जाए।

बता दें कि विदेश मंत्रालय की ओर से पिछले महीने यात्रा नीतियों का अनुकूलन जारी रखने की घोषणा कर दी गई थी। छुट्टियों का मौसम नजदीक आने और चीन में बढ़ती रुचि के साथ चीन के इस पहल से ज्यादा से ज्यादा टूरिस्ट को लुभाने की उम्मीद है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article