टेक एंड गैजेट्स

YouTube ने वीडियो प्लेबैक में कर दिया बड़ा बदलाव, करोड़ों यूजर्स हुए परेशान

YouTube Premium को साल 2018 में लॉन्च किया गया था। तब से बैकग्राउंड प्लेबैक इसकी प्रमुख खासियतों में शामिल रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स ब्राउज़र मिनिमाइज करने या फोन की स्क्रीन बंद करने के बाद भी वीडियो का ऑडियो सुन सकते हैं।

Image

YouTube Premium/Photo- Canva

YouTube ने नॉन-प्रीमियम यूजर्स के लिए बैकग्राउंड प्लेबैक फीचर को लेकर बड़ा बदलाव किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब थर्ड-पार्टी मोबाइल ब्राउज़र्स पर YouTube वीडियो का बैकग्राउंड में चलना बंद कर दिया गया है। पहले कई नॉन-प्रीमियम यूजर्स इन ब्राउजर्स के जरिए इस फीचर का इस्तेमाल कर पा रहे थे।

2018 से प्रीमियम फीचर रहा है बैकग्राउंड प्लेबैक

YouTube Premium को साल 2018 में लॉन्च किया गया था। तब से बैकग्राउंड प्लेबैक इसकी प्रमुख खासियतों में शामिल रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स ब्राउज़र मिनिमाइज करने या फोन की स्क्रीन बंद करने के बाद भी वीडियो का ऑडियो सुन सकते हैं।

Google ने बदलाव की पुष्टि की

Android Authority की रिपोर्ट के मुताबिक, Google के एक प्रवक्ता ने बताया कि हालिया अपडेट के जरिए नॉन-प्रीमियम यूजर्स के लिए बैकग्राउंड प्लेबैक को बंद किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह फीचर केवल YouTube Premium मेंबरशिप के लिए ही बनाया गया है और अब सभी प्लेटफॉर्म्स पर एक-सा अनुभव सुनिश्चित किया जा रहा है।

स्क्रीन ऑफ होते ही बंद होगा ऑडियो

नए अपडेट के बाद, जैसे ही नॉन-प्रीमियम यूजर फोन की स्क्रीन बंद करता है या किसी दूसरे एप पर स्विच करता है, वीडियो का ऑडियो तुरंत रुक जाएगा। Reddit और X पर यूजर्स का दावा है कि यह बदलाव Samsung Internet, Brave और Vivaldi जैसे ब्राउज़र्स को प्रभावित कर रहा है।

पुराने जुगाड़ भी नहीं कर रहे काम

यूजर्स का कहना है कि अब ब्राउज़र कैश क्लियर करना या Picture-in-Picture सेटिंग बदलना जैसे उपाय भी काम नहीं कर रहे हैं। जब यूजर्स बैकग्राउंड प्लेबैक का वर्कअराउंड आजमाते हैं, तो कुछ समय के लिए “MediaOngoingActivity” नोटिफिकेशन दिखता है, लेकिन जल्द ही मीडिया कंट्रोल्स पूरी तरह गायब हो जाते हैं।

प्रीमियम सब्सक्रिप्शन को बढ़ावा देने की कोशिश

माना जा रहा है कि यह कदम फ्री यूजर्स को YouTube Premium सब्सक्रिप्शन लेने के लिए प्रेरित करने की रणनीति का हिस्सा है। कंपनी लंबे समय से अपने पेड प्लान्स को ज्यादा आकर्षक बनाने पर काम कर रही है।

भारत में YouTube Premium की कीमत

भारत में YouTube Premium की शुरुआती कीमत 149 रुपये प्रति माह है, जिसमें ऐड-फ्री वीडियो और म्यूजिक के साथ बैकग्राउंड प्लेबैक का सपोर्ट मिलता है। फैमिली प्लान की कीमत 299 रुपये प्रति माह है, जिसमें पांच अतिरिक्त मेंबर्स को जोड़ा जा सकता है। वहीं, दो-मेंबर प्लान 219 रुपये प्रति माह में उपलब्ध है। इसके अलावा, भारत में YouTube Premium Lite प्लान भी मौजूद है, जिसकी कीमत 89 रुपये प्रति माह है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article