टेक एंड गैजेट्स

पढ़े जाते हैं आपके सारे WhatsApp मैसेज? एलन मस्क ने कहा- यह सेफ नहीं है, 5 प्वाइंट में जानें पूरा मामला

Elon Musk ने भी X पर इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने लिखा कि WhatsApp सुरक्षित नहीं है और Signal पर भी सवाल उठाए, साथ ही लोगों को X Chat इस्तेमाल करने की सलाह दी। उनकी इस टिप्पणी ने मैसेजिंग ऐप्स की सुरक्षा को लेकर चल रही बहस को और तेज कर दिया।

Image

Your WhatsApp messages being read?

अमेरिका में दायर एक नए मुकदमे ने Meta और WhatsApp को एक बार फिर प्राइवेसी के सवालों के घेरे में ला दिया है। इस केस में WhatsApp की एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन नीति पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामला सामने आने के बाद टेस्ला और X के मालिक Elon Musk ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। वहीं, WhatsApp के ग्लोबल हेड Will Cathcart ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है। आइए जानते हैं पूरा मामला 5 अहम बिंदुओं में।

1. WhatsApp की प्राइवेसी नीति पर उठे सवाल

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को स्थित जिला अदालत में दायर इस मुकदमे में Meta और WhatsApp पर आरोप लगाया गया है कि कंपनी यूज़र्स को मैसेज की सुरक्षा को लेकर गुमराह कर रही है। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि WhatsApp भले ही एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का प्रचार करता हो, लेकिन Meta कथित तौर पर यूजर्स की निजी बातचीत को स्टोर, एनालाइज और एक्सेस कर सकता है। यह दावा WhatsApp के उस संदेश के बिल्कुल उलट है, जिसमें कहा जाता है कि चैट केवल भेजने और पाने वाले ही पढ़ सकते हैं।

2. भारत समेत कई देशों के यूजर शामिल

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, इस मुकदमे में शामिल याचिकाकर्ता सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं हैं। ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, भारत, मैक्सिको और साउथ अफ्रीका जैसे देशों के यूज़र भी इस केस का हिस्सा हैं। इससे इस मामले की गंभीरता और बढ़ जाती है, क्योंकि आरोप वैश्विक स्तर पर WhatsApp की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हैं।

3. व्हिसलब्लोअर्स का जिक्र, लेकिन सबूत साफ नहीं

मुकदमे में कहा गया है कि कुछ “व्हिसलब्लोअर्स” के खुलासों के बाद ये बातें सामने आईं, हालांकि न तो व्हिसलब्लोअर्स की पहचान बताई गई है और न ही उनके दावों का कोई ठोस विवरण दिया गया है। आगे चलकर अदालत में यह मुद्दा अहम बन सकता है, क्योंकि बिना पुख्ता सबूतों के आरोपों को साबित करना मुश्किल होगा।

4. Meta और WhatsApp का सख्त जवाब

Meta ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मुकदमे को बेबुनियाद बताया है। Meta के प्रवक्ता एंडी स्टोन ने कहा कि WhatsApp के मैसेज एन्क्रिप्टेड नहीं होने का दावा पूरी तरह गलत और हास्यास्पद है। वहीं, WhatsApp के ग्लोबल हेड Will Cathcart ने साफ कहा कि एन्क्रिप्शन की चाबियां यूजर के फोन में रहती हैं और कंपनी के पास उनका कोई एक्सेस नहीं होता। उन्होंने इस केस को “हेडलाइन बटोरने की कोशिश” बताया।

5. Elon Musk की एंट्री, X Chat का प्रमोशन

मामले के चर्चा में आते ही Elon Musk ने X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि WhatsApp सुरक्षित नहीं है और Signal पर भी सवाल उठाए, साथ ही लोगों को X Chat इस्तेमाल करने की सलाह दी। उनकी इस टिप्पणी ने मैसेजिंग ऐप्स की सुरक्षा को लेकर चल रही बहस को और तेज कर दिया।

कुल मिलाकर कहें तो फिलहाल यह मामला अदालत में है और आरोपों पर फैसला आना बाकी है। Meta और WhatsApp जहां अपने एन्क्रिप्शन सिस्टम को पूरी तरह सुरक्षित बता रहे हैं, वहीं यह मुकदमा यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर एक नई बहस छेड़ चुका है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article