Dual SIM Charges TRAI: एक फोन में 2 सिम कार्ड चलाने पर जुर्माना लगेगा? आपने भी इस बारे में पढ़ा या सुना होगा। लेकिन अब इंडियन टेलीकॉम अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) इन दावे को खारिज कर दिया है। ट्राई ने कहा कि यह दावा एकदम झूठा है। ट्राई ने कहा कि यह अटकलें कि ट्राई कई सिम या नंबरिंग रिसोर्स रखने के लिए ग्राहकों पर शुल्क लगाने वाला है, बिल्कुल गलत है। ऐसे दावे निराधार हैं और केवल जनता को गुमराह करने का काम करते हैं।
सिम कार्ड को लेकर क्या था दावा
हाल ही में कई रिपोर्ट में दावा किया गया था कि इंडियन टेलीकॉम अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) उन यूजर्स पर जुर्माना लगा सकता है जिनके पास एक फोन में दो सिम कार्ड हैं। कई मीडिया रिपोर्ट में भी सुझाव दिया गया कि TRAI के नए नियमों के कारण दो सिम कार्ड इस्तेमाल करने वालों पर शुल्क लग सकता है, जिससे सोशल मीडिया पर काफी हलचल मच गई थी।
वायरल दावों में कहा गया था कि यूजर्स पर या तो एकमुश्त भुगतान या सालाना जुर्माना लगाया जाएगा, जिसमें मोबाइल ऑपरेटर संभावित रूप से ग्राहकों से ये शुल्क वसूलेंगे। लेकिन अब TRAI ने इन दावों को खारिज कर दिया है।
TRAI ने जारी किया स्पष्टीकरण
इन दावों को खारिज करते हुए इंडियन टेलीकॉम अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एक स्पष्टीकरण जारी किया है। स्पष्टीकरण में ट्राई ने लिखा, "इस संबंध में, यह हमारे ध्यान में आया है कि कुछ मीडिया हाउस ने रिपोर्ट की है कि ट्राई ने इन ‘सीमित संसाधनों’ के कुशल आवंटन और उपयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मोबाइल और लैंडलाइन नंबरों के लिए शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। यह अटकलें कि ट्राई कई सिम या नंबरिंग रिसोर्स रखने के लिए ग्राहकों पर शुल्क लगाने का इरादा रखता है, बिल्कुल गलत है। ऐसे दावे निराधार हैं और केवल जनता को गुमराह करने का काम करते हैं।"
