सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X ने अपने कंटेंट मॉडरेशन सिस्टम में खामियों को स्वीकार करते हुए इसे अपनी गलती माना है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि वह भारत के सभी कानूनों और नियमों का सख्ती से पालन करेगी। यह स्वीकारोक्ति उस विवाद के बाद आई है, जिसमें प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री के प्रसार को लेकर सवाल उठे थे।
Grok AI से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट पर कार्रवाई
मामला खासतौर पर X के AI टूल Grok से जुड़े कंटेंट को लेकर सामने आया था। आरोप है कि इस टूल के जरिए या इसकी मदद से अश्लील और यौन रूप से आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई और उसे बढ़ावा मिला। इसके बाद X ने करीब 3,500 आपत्तिजनक पोस्ट ब्लॉक की हैं और 600 से ज्यादा अकाउंट्स को डिलीट किया है। कंपनी ने आगे ऐसे किसी भी अश्लील कंटेंट को प्लेटफॉर्म पर अनुमति न देने की बात कही है।
सरकार ने मांगी थी विस्तृत जानकारी
इससे पहले 7 जनवरी को केंद्र सरकार ने X से Grok AI से जुड़े अश्लील कंटेंट पर की गई कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाए जाने वाले कदमों की जानकारी मांगी थी। हालांकि कंपनी की ओर से दी गई शुरुआती रिपोर्ट को सरकार ने पर्याप्त नहीं माना था।
आईटी मंत्रालय की सख्त नजर
एलन मस्क के नेतृत्व वाले इस प्लेटफॉर्म ने आईटी मंत्रालय को बताया कि वह भारतीय कानूनों और गाइडलाइंस का सम्मान करता है और भारत उसके लिए एक अहम बाजार है। जवाब में X ने भ्रामक जानकारी और बिना सहमति वाले यौन कंटेंट के खिलाफ अपनी सख्त नीतियों का भी जिक्र किया, लेकिन Grok AI से जुड़े विवाद पर ठोस तकनीकी कदमों की जानकारी नहीं दी गई।
MeitY की कड़ी चेतावनी
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने X को आईटी एक्ट 2000 और आईटी नियम 2021 के तहत जरूरी ‘ड्यू डिलिजेंस’ में कमी को लेकर कड़ी फटकार लगाई है। मंत्रालय ने 72 घंटे के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट जमा करने को कहा है, जिसमें अनुपालन उपायों और चीफ कंप्लायंस ऑफिसर की जिम्मेदारियों का ब्योरा देना होगा।
महिलाओं की गरिमा और निजता पर चिंता
MeitY ने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि Grok AI का इस्तेमाल महिलाओं को निशाना बनाकर अश्लील और यौन सामग्री तैयार करने में किया गया। मंत्रालय के अनुसार, इस तरह की गतिविधियां न सिर्फ निजता का उल्लंघन हैं, बल्कि महिलाओं की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं और उत्पीड़न को सामान्य बनाती हैं।
तकनीकी सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश
सरकार ने X को निर्देश दिया है कि वह Grok के तकनीकी सुरक्षा उपायों और गवर्नेंस सिस्टम की तुरंत समीक्षा करे। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले अकाउंट्स को सस्पेंड या टर्मिनेट करने और सभी आपत्तिजनक कंटेंट को बिना सबूत से छेड़छाड़ किए तुरंत हटाने को कहा गया है।
आगे कड़ी निगरानी के संकेत
सरकारी रुख से साफ है कि आने वाले समय में AI टूल्स के दुरुपयोग पर सख्त नजर रखी जाएगी। X के लिए यह मामला सिर्फ कंटेंट हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत में कानूनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाने की बड़ी परीक्षा भी बन गया है।
