एपल ने अपने वार्षिक डेवलपर सम्मेलन WWDC 2026 में iPhone के लिए नया ऑपरेटिंग सिस्टम iOS 27 पेश कर दिया है। कंपनी का कहना है कि यह अपडेट बेहतर परफॉर्मेंस, हाईब्रिड AI फीचर्स और Liquid Glass डिजाइन में नए सुधारों के साथ आएगा। iOS 27 इस साल की तीसरी तिमाही (Q3 2026) में सपोर्टेड iPhone मॉडलों के लिए जारी किया जाएगा।
Liquid Glass डिजाइन में नए बदलाव
iOS 27 में एपल ने पिछले साल पेश किए गए Liquid Glass डिजाइन को और बेहतर बनाया है। अब यूजर्स इंटरफेस की पारदर्शिता (Opacity) को स्लाइडर की मदद से नियंत्रित कर सकेंगे। इसके अलावा सिस्टम को अधिक स्मूथ और तेज बनाने के लिए कई ऑप्टिमाइजेशन किए गए हैं।
कंपनी के अनुसार, iOS 27 में ऐप्स 30 प्रतिशत तक तेजी से लॉन्च होंगे, जबकि फोटो लोडिंग की गति 70 प्रतिशत तक बढ़ाई गई है। AirDrop ट्रांसफर भी पहले की तुलना में 80 प्रतिशत अधिक तेज होगा। साथ ही Wi-Fi और मोबाइल नेटवर्क के बीच स्विचिंग भी अधिक आसान होगी।
Siri अब बनेगा अलग AI ऐप
iOS 27 का सबसे बड़ा आकर्षण नया Siri AI असिस्टेंट है। एपल ने Siri को अब एक स्टैंडअलोन ऐप के रूप में पेश किया है, जिससे यूजर्स सीधे Siri लॉन्च कर सकेंगे और अपनी पुरानी बातचीत भी देख पाएंगे। नई Siri में एपल के Foundation Models और Google Gemini AI मॉडल्स का संयोजन इस्तेमाल किया गया है। इससे Siri पहले की तुलना में अधिक स्मार्ट और संदर्भ समझने में सक्षम होगी।
Apple Intelligence फीचर्स का विस्तार
iOS 27 में Apple Intelligence को Safari, Wallet, Photos और Shortcuts जैसे एप्स में शामिल किया गया है। यूजर्स सामान्य भाषा में कमांड देकर कई काम कर सकेंगे और सिस्टम उन्हें संदर्भ के अनुसार सुझाव भी देगा।
Photos ऐप में नया Spatial Reframing फीचर मिलेगा, जिसकी मदद से तस्वीरों के किनारों को बढ़ाया जा सकेगा। इसके अलावा AI प्रॉम्प्ट के जरिए फोटो एडिटिंग भी संभव होगी।
कैमरा ऐप में मिलेगा विजुअल सर्च फीचर
नए iOS 27 में कैमरा एप के भीतर Siri मोड दिया गया है, जो विजुअल सर्च कर सकेगा। इससे iPhone 15 Pro और iPhone 15 Pro Max जैसे डिवाइसों के यूजर्स को भी Visual Intelligence जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसके अलावा यूजर्स Siri की आवाज को अपनी पसंद के अनुसार कस्टमाइज कर सकेंगे। वे इसकी पिच, स्पीड, टोन और एक्सेंट में बदलाव कर पाएंगे।
फोन, मैसेज और Safari एप्स हुए और स्मार्ट
iOS 27 में Phone एप को Mail ऐप के साथ बेहतर तरीके से जोड़ा गया है। Call Context फीचर की मदद से किसी बिजनेस को कॉल करते समय जरूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। Messages और Mail ऐप में कुछ संदेशों के नीचे स्मार्ट सुझाव दिखाई देंगे, जिनकी मदद से यूजर तुरंत रिमाइंडर जोड़ सकते हैं या नया नोट बना सकते हैं। वहीं Safari अब विषय के आधार पर टैब्स को समूहबद्ध करेगा और किसी वेबसाइट पर कीमत या स्टॉक उपलब्धता जैसी जानकारी बदलने पर नोटिफिकेशन भी भेज सकेगा।
पैरेंटल कंट्रोल में भी नए फीचर्स
एपल ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए पैरेंटल कंट्रोल फीचर्स भी पेश किए हैं। इनमें Time Allowances, Schedules और Ask to Browse जैसे फीचर्स शामिल हैं। ये सुविधाएं iOS 27 के साथ-साथ iPadOS 27 और macOS 27 पर भी उपलब्ध होंगी।
किन iPhone मॉडलों को मिलेगा iOS 27?
एपल ने घोषणा की है कि iOS 27 अपडेट iPhone 11 सीरीज और उसके बाद लॉन्च हुए सभी मॉडलों के लिए उपलब्ध होगा। हालांकि Apple Intelligence से जुड़े नए AI फीचर्स केवल iPhone 15 Pro और उससे नए मॉडलों पर ही उपलब्ध होंगे। कंपनी ने यह भी बताया कि शुरुआती चरण में कुछ AI फीचर्स केवल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होंगे, जबकि चीन और यूरोपीय संघ (EU) के यूजर्स को इन सुविधाओं के लिए थोड़ा अधिक इंतजार करना पड़ सकता है।
