Maharashtra Fda crackdown: दिवाली से पहले मिलावटखोरों के खिलाफ महाराष्ट्र का फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) एक्शन मोड में आ गया है। त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए FDA ने पूरे महाराष्ट्र में विशेष अभियान चलाते हुए मिठाई, दूध उत्पाद, नमकीन, मसाले और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माताओं एवं विक्रेताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
36 खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
इस विशेष अभियान के तहत 36 खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 18 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए, जबकि 4 प्रतिष्ठानों का कारोबार बंद करने के आदेश दिए गए हैं। FDA ने कार्रवाई के दौरान करीब 37.50 लाख रुपये मूल्य का 14,340 किलो से अधिक खाद्य स्टॉक जब्त किया है। जब्त किए गए सामान में मिठाइयां, बूंदी, खोया, घी, नमकीन, चकली, मसाले, बादाम और काजू शामिल हैं।
मुंबई में 5 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए
मुंबई में 5 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं। इन प्रतिष्ठानों में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण, खराब खाद्य सामग्री और अनुचित भंडारण जैसी खामियां पाई गईं। इसके अलावा पुणे में 6, छत्रपति संभाजीनगर में 5 और अमरावती में 2 लाइसेंस सस्पेंड किए गए हैं।
पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ भी कार्रवाई
वहीं, प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित तंबाकू के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। FDA ने 16.87 लाख रुपये के प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ जब्त किए। इस मामले में 2 FIR दर्ज कर 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मिलावटी, घटिया तथा असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
