टेक एंड गैजेट्स

Airtel, Jio और Vi में 365 दिन की वैलिडिटी वाला रिचार्ज कौन दे रहा सबसे सस्ता?

हर महीने मोबाइल रिचार्ज कराने की झंझट से बचना चाहते हैं तो सालभर की वैलिडिटी वाले प्लान आपके काम आ सकते हैं। Jio, Airtel और Vi तीनों के एनुअल प्लान में कीमत और डेटा के बड़े अंतर हैं।

Image

Recharge Plans

मोबाइल यूजर्स को हर महीने रिचार्ज कराने की परेशानी से बचाने के लिए टेलीकॉम कंपनियां सालभर की वैलिडिटी वाले प्लान भी देती हैं। इन प्लान को एक बार रिचार्ज कराने के बाद पूरे 365 दिनों तक सिम की वैलिडिटी बनी रहती है। खास बात यह है कि बार-बार रिचार्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ती। Jio, Airtel और Vodafone Idea यानी Vi के पास भी ऐसे कई प्लान हैं। हालांकि, तीनों कंपनियों के प्लान की कीमत और उनमें मिलने वाले फायदे अलग-अलग हैं। अगर आप भी एक साल वाला रिचार्ज कराने की सोच रहे हैं तो पहले इनकी तुलना कर लें।

कौन सा प्लान है सस्ता?

अगर आपको मोबाइल इंटरनेट की ज्यादा जरूरत नहीं है और सिर्फ कॉलिंग के लिए सिम चालू रखना चाहते हैं तो Airtel और Vi के पास 1,849 रुपये का सालाना प्लान है। दोनों कंपनियों के इस प्लान में 365 दिनों की वैलिडिटी मिलती है। इसके साथ देशभर में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग और पूरे साल के लिए कुल 3,600 SMS दिए जाते हैं। हालांकि, इन दोनों प्लान में रोजाना इस्तेमाल करने के लिए इंटरनेट डेटा नहीं मिलता। ऐसे में जिन लोगों के घर या ऑफिस में Wi-Fi की सुविधा है, उनके लिए ये प्लान अच्छा विकल्प हो सकते हैं। दूसरी तरफ Jio के पास इस कीमत में 365 दिनों वाला सिर्फ कॉलिंग का प्लान नहीं है।

इंटरनेट के लिए कौन सा प्लान है सस्ता?

अब बात करते हैं उन यूजर्स की जिन्हें रोजाना इंटरनेट डेटा की जरूरत पड़ती है। Jio का 3,599 रुपये वाला एनुअल प्लान इस मामले में अच्छा विकल्प है। इसमें 365 दिनों की वैलिडिटी के साथ रोजाना 2.5GB हाई-स्पीड डेटा मिलता है। इसके अलावा अनलिमिटेड कॉलिंग और हर दिन 100 SMS की सुविधा भी दी जाती है। Jio के इस प्लान में JioTV और JioAICloud जैसे ऐप्स का एक्सेस भी मिलता है। जिन इलाकों में Jio का 5G नेटवर्क उपलब्ध है, वहां योग्य यूजर्स को अनलिमिटेड 5G डेटा का फायदा भी मिल सकता है।

Airtel का 3,599 रुपये वाला प्लान भी पूरे 365 दिनों की वैलिडिटी देता है। इसमें रोजाना 2GB डेटा, अनलिमिटेड लोकल और STD कॉलिंग के साथ हर दिन 100 SMS मिलते हैं। इसके अलावा योग्य नेटवर्क और शर्तों के साथ अनलिमिटेड 5G डेटा की सुविधा भी मिलती है।

वहीं Vi के पास 3,499 और 3,599 रुपये के दो सालाना प्लान हैं। 3,499 रुपये वाले प्लान में रोजाना 1.5GB डेटा मिलता है, जबकि 3,599 रुपये वाले प्लान में हर दिन 2GB डेटा दिया जाता है। Vi के इन प्लान की खासियत Hero Unlimited फीचर्स हैं। इसके तहत रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक अनलिमिटेड नाइट डेटा मिलता है। इस दौरान इस्तेमाल किया गया डेटा रोजाना मिलने वाले डेटा से नहीं कटता।

ऐसे में अगर आप सिर्फ कॉलिंग के लिए सालभर का रिचार्ज चाहते हैं तो Airtel और Vi का 1,849 रुपये वाला प्लान सबसे सस्ता विकल्प है। ज्यादा इंटरनेट और 5G डेटा चाहिए तो Jio का 3,599 रुपये वाला प्लान बेहतर हो सकता है। वहीं, रात में ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वालों के लिए Vi का नाइट डेटा फीचर फायदेमंद है। रिचार्ज कराने से पहले अपने इलाके में नेटवर्क की उपलब्धता और कंपनी के ऐप पर प्लान की मौजूदा कीमत जरूर जांच लें।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article